अरावली एक्सप्रेस का रामगढ़ शेखावाटी में ठहराव अधिकृत — क्षेत्र को बड़ी रेल सुविधा

अरावली एक्सप्रेस का रामगढ़ शेखावाटी में ठहराव अधिकृत — क्षेत्र को बड़ी रेल सुविधा

रामगढ़ शेखावाटी | लंबे इंतजार के बाद रेलवे ने आखिरकार रामगढ़ शेखावाटी रेलवे स्टेशन पर अरावली एक्सप्रेस के ठहराव की अधिकृत घोषणा कर दी है। रेलवे मंत्रालय द्वारा पूर्व में स्वीकृति मिलने के पश्चात अब इस निर्णय को अमल में लाया गया है। 25 फरवरी को बांद्रा टर्मिनस से रवाना होकर आने वाली 14702 अरावली एक्सप्रेस 26 फरवरी को रात्रि 20:58 बजे रामगढ़ शेखावाटी पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद आगे रवाना होगी। इसी प्रकार श्रीगंगानगर से चलने वाली 14701 अरावली एक्सप्रेस 27 फरवरी को प्रातः 5:40 बजे रामगढ़ पहुंचेगी और निर्धारित ठहराव के बाद आगे बढ़ेगी।  बांद्रा से रामगढ़ शेखावाटी तक पहुंचने में 23 घंटे 58 मिनट लगेंगे जबकि रामगढ़ से बांद्रा पहुंचने में 24 घंटे 33 मिनट लगेंगे। 

फतेहपुर और बिसाऊ का समय यथावत

रेलवे द्वारा जारी नए टाइम टेबल के अनुसार फतेहपुर और बिसाऊ रेलवे स्टेशनों का समय पूर्ववत रखा गया है। बांद्रा–श्रीगंगानगर 14702 ट्रेन फतेहपुर में पहले की तरह 20:39 पर पहुंचेगी और 20:41 पर रवाना होगी, वहीं बिसाऊ में आगमन का समय 21:20 ही रहेगा। रेलवे ने रामगढ़ ठहराव को फतेहपुर और बिसाऊ के बीच के समय में समायोजित किया है।

समय गणना के अनुसार 14702 ट्रेन फतेहपुर से रामगढ़ पहुंचने में लगभग 17 मिनट तथा रामगढ़ से बिसाऊ पहुंचने में करीब 20 मिनट का समय लेगी। दूसरी ओर श्रीगंगानगर–बांद्रा 14701 ट्रेन बिसाऊ से रामगढ़ के बीच लगभग 14 मिनट तथा रामगढ़ से फतेहपुर के बीच मात्र 11 मिनट में सफर तय करेगी।

यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

रामगढ़ शेखावाटी में ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। मुंबई सहित पश्चिम भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को अब अतिरिक्त यात्रा या बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी। स्थानीय व्यापार, शिक्षा और रोजगार से जुड़े लोगों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध होगी।

रामगढ़ से बांद्रा तक किराया विवरण

रामगढ़ शेखावाटी से बांद्रा के लिए रिजर्वेशन टिकट के किराए इस प्रकार हैं —

  • स्लीपर: ₹605 (मूल किराया ₹585 + रिजर्वेशन चार्ज ₹20)

  • 3 एसी इकोनॉमी: ₹1465 (मूल किराया ₹1355 + रिजर्वेशन चार्ज ₹40 + जीएसटी ₹70)

  • 3 एसी: ₹1565 (मूल किराया ₹1450 + रिजर्वेशन चार्ज ₹40 + जीएसटी ₹75)

  • 2 एसी: ₹2235 (मूल किराया ₹2078 + रिजर्वेशन चार्ज ₹50 + जीएसटी ₹107)

तत्काल व प्रीमियम तत्काल सुविधा उपलब्ध

इस ट्रेन में तत्काल टिकट पर डायनेमिक किराया लागू नहीं है। तत्काल श्रेणी में —

  • स्लीपर: ₹780

  • 3 एसी इकोनॉमी: ₹1585

  • 3 एसी: ₹1985

  • 2 एसी: ₹2760

तत्काल चार्ज क्रमशः स्लीपर में ₹175, थर्ड एसी में ₹400 तथा सेकंड एसी में ₹500 निर्धारित है। साथ ही प्रीमियम तत्काल सुविधा भी उपलब्ध है, जिसमें मूल किराया यथावत रहते हुए डायनेमिक चार्ज जुड़ता है, जिससे टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

क्षेत्र में खुशी की लहर

रामगढ़ शेखावाटी में अरावली एक्सप्रेस के ठहराव की घोषणा के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से चली आ रही मांग के पूर्ण होने पर नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। यह निर्णय शेखावाटी क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती प्रदान करेगा।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *