मलसीसर उपखण्ड मुख्यालय पर उस समय अजीबो-गरीब स्थिति पैदा हो गई जब न्याय की मांग कर रहे किसानों पर मधुमखियों ने हमला कर दिया। कई लोग घालय हो गए।
अलसीसर गांव में एक किसान की सरसों की फसल को असामाजिक तत्वों द्वारा आग के हवाले किए जाने के विरोध में किसान तहसील कार्यालय के सामने धरना दे रहे थे। इसी दौरान मधुमक्खियों के हमले ने प्रदर्शन स्थल पर हड़कंप मचा दिया।
अलसीसर गांव में एक पीड़ित किसान की सालभर की मेहनत (सरसों की तैयार फसल) को अज्ञात लोगों ने आग लगाकर राख कर दिया था। दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित को मुआवजे की मांग को लेकर मलसीसर तहसील कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने में आसपास के दर्जनों गांवों से सैकड़ों किसान और बुजुर्ग शामिल होने पहुंचे थे।
धरना शांतिपूर्वक चल रहा था कि तभी अचानक पास के एक पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते से मक्खियां उड़ने लगीं और प्रदर्शनकारियों पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
मक्खियों के डंक से कई बुजुर्ग और किसान घायल हो गए। कुछ लोगों को मक्खियों ने काट लिया और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
मधुमक्खियों के डर से लोग भाग रहे थे, वहीं अलसीसर निवासी राजकुमार ने साहस का परिचय दिया। राजकुमार ने मौके पर फंसे दो-तीन बुजुर्गों को सहारा देकर सुरक्षित बाहर निकाला।
राजकुमार ने न केवल उन्हें वहां से हटाया, बल्कि तुरंत निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रबंध भी किया।






Leave a Reply