चूरू में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को तेज बारिश के आसार है। सोमवार सुबह से ही मौसम में बदलाव देखा गया। आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम ठंडा हो गया।
बेमौसम हुई इस बारिश से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सुबह के समय हुई बारिश से स्कूली बच्चों को भी हल्की परेशानी का सामना करना पड़ा।
तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ का सर्वाधिक प्रभाव जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में रहेगा। इन क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है।
इस दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र और आसपास के कुछ भागों में 20 से 50 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है। आठ अप्रैल को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
नौ अप्रैल से आगामी तीन-चार दिनों तक अधिकांश भागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। शर्मा ने किसानों को सलाह दी है कि वे बेमौसम बारिश के मद्देनजर खुले आसमान के नीचे रखी पककर तैयार फसलों, कृषि मंडियों और धान मंडियों में खुले में रखे अनाज व जिंसों को ढककर सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें, ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।
रामगढ़ शेखावाटी में मौसम ने बदला मिजाज, सुबह से घने बादल और हल्की बूंदाबांदी
रामगढ़ शेखावाटी क्षेत्र में कल शाम से ही मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। आज सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी हो रही है। बादलों की घनी परत के कारण सुबह से सूर्य देव के दर्शन नहीं हो पाए हैं, जिससे मौसम में ठंडक का एहसास बढ़ गया है।
सुबह के समय से ही तेज हवाएं भी चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम के इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह बूंदाबांदी फसलों के लिए लाभकारी मानी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। अचानक बदले मौसम को देखते हुए लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल देखी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अप्रैल के महीने में इस तरह का मौसम सुखद है और तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी से वातावरण भी साफ हो गया है।






Leave a Reply