स्कूल में मासूम परी पर कहर बनकर टूटी मधुमक्खियां, 150 से अधिक डंक निकाले, काटने पड़े सिर के बाल

स्कूल में मासूम परी पर कहर बनकर टूटी मधुमक्खियां, 150 से अधिक डंक निकाले, काटने पड़े सिर के बाल

सुजानगढ़ के पास एक स्कूल में मधुमक्खियों के अचानक हमले से हड़कंप मच गया। हमले में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई, जिसके शरीर से 150 से ज्यादा डंक निकाले गए।

सुजानगढ़। कस्बे के निकट सारंगसर गांव के एक निजी स्कूल में शुक्रवार को मधुमक्खियों के हमले से एक छात्रा सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों व स्टाफ में डर का माहौल बन गया। घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

छात्रा के बाल भी काटे

गंभीर रूप से घायल छात्रा परी (10) पुत्री लालाराम जाट के चेहरे, सिर, आंख, नाक, कान सहित पूरे शरीर पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। चिकित्सकों ने उसके शरीर से करीब 150 से अधिक डंक निकाले। जानकारी के अनुसार छात्रा के बालों में लगभग 50 से अधिक मधुमक्खियां फंसी हुई थीं, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद हटाया गया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने परिजनों की अनुमति लेकर छात्रा के बाल भी काट दिए, ताकि फंसी हुई मधुमक्खियों को पूरी तरह हटाया जा सके।

पानी पीने जा रही थी छात्रा

घटना के दौरान नितेश (18) पुत्र छोटूराम और हिम्मत सिंह (22) पुत्र पूरण सिंह भी मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गए। तीनों घायलों को श्याम स्वर्णकार की मदद से अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया गया। नितेश ने बताया कि स्कूल समय के दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड आया और छात्रा परी पर हमला कर दिया, जब वह पानी पीने जा रही थी। बचाव के लिए उसके सिर पर दरी डाली गई, लेकिन उसे बचाने के प्रयास में नितेश को भी मधुमक्खियों ने डंक मार दिए।

सुजानगढ़ अस्पताल में उपचार जारी

अस्पताल में डॉ. रघुवीर तूनवाल, ओमप्रकाश, सुभाष और ममता ने घायलों का उपचार किया। वहीं मांगीलाल नाई ने डंक निकालने में सहयोग किया। चिकित्सकों के अनुसार अधिक संख्या में डंक लगने से शरीर पर सूजन और दर्द की स्थिति बनी हुई थी, हालांकि समय पर उपचार मिलने से हालत नियंत्रण में है। फिलहाल छात्रा का सुजानगढ़ अस्पताल में उपचार जारी है और चिकित्सक लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि मोती का बास गांव में मधुमक्खियों के हमले से 3 लोग घायल हो गए थे। इनमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना उस समय हुई जब महिला घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *