रामगढ़ शेखावाटी में सफाई कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, वेतन भुगतान को लेकर प्रदर्शन

रामगढ़ शेखावाटी में सफाई कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, वेतन भुगतान को लेकर प्रदर्शन

 

करीब 40 महिला कर्मचारियों ने पुरानी नगर पालिका कार्यालय के सामने जताया विरोध, ठेकेदार पर वेतन रोकने का आरोप

रामगढ़ शेखावाटी में आज सफाई व्यवस्था उस समय प्रभावित हो गई जब ठेकेदार के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में देरी के विरोध में कार्य का बहिष्कार कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 40 महिला सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका रामगढ़ शेखावाटी के पुराने कार्यालय के सामने एकत्रित होकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले महीने का वेतन अब तक नहीं मिला है, जिसके कारण उनके सामने रोजमर्रा की आवश्यकताओं की पूर्ति का संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने से वे बाजार का पिछला उधार भी चुकाने में असमर्थ हैं, परिणामस्वरूप दुकानदारों द्वारा उधार में आवश्यक वस्तुएँ देने से भी इंकार किया जा रहा है।

दूसरी ओर नगर पालिका सूत्रों का कहना है कि संबंधित ठेकेदार को 8 फरवरी को ही वेतन राशि का भुगतान उसके बैंक खाते में कर दिया गया था। इसके बावजूद कर्मचारियों को भुगतान नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। सफाई कर्मचारियों के अनुसार ठेकेदार से संपर्क करना भी कठिन हो गया है, क्योंकि वह मोबाइल कॉल का जवाब नहीं दे रहा।

महिला कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि वेतन न मिलने के बावजूद नगर पालिका का जमादार उन्हें नियमित ड्यूटी पर भेजने का दबाव बना रहा है। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनका बकाया वेतन नहीं दिया जाएगा, तब तक कार्य का बहिष्कार जारी रहेगा।

 

इस घटनाक्रम से शहर की सफाई व्यवस्था पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की मांग की है।

रामगढ़ शेखावाटी में सफाई कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, वेतन भुगतान को लेकर प्रदर्शन

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *