रामगढ़ में श्याम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए निमंत्रण कार्यक्रम:श्याम रथ के साथ निकाली शोभायात्रा, 3 फरवरी को निकलेगी कलश यात्रा

रामगढ़ में श्याम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए निमंत्रण कार्यक्रम:श्याम रथ के साथ निकाली शोभायात्रा, 3 फरवरी को निकलेगी कलश यात्रा

रामगढ़ कस्बे में नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर के पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा एवं लोकार्पण समारोह के लिए शनिवार सुबह नगर निमंत्रण कार्यक्रम हुआ। ये कार्यक्रम श्री श्याम मित्र मंडल ट्रस्ट के नेतृत्व में बिसाऊ दरवाजा के पास से शुरू हुआ।

इस दौरान श्री श्याम मित्र मंडल ट्रस्ट के कार्यकर्ता कानोड़िया चौक में एकत्रित हुए। उन्होंने श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर में धोक लगाकर निमंत्रण देने का कार्य शुरू किया। ये अभियान कस्बे के बिसाऊ दरवाजा बाजार, रूइया गली, सब्जी मंडी, पुस्तकालय बाजार, शिव मंदिर चौक, पुराना बस स्टैंड, उतरादा बाजार, फतेहपुरिया दरवाजा बाजार और सुभाष चौक सहित अन्य क्षेत्रों में चला। भक्तों को निमंत्रण पत्र और पीले चावल बांटकर कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया।

आयोजन समिति के विमल सर्राफ, मुरारीलाल मंडावरिया, सुबोध लूंड़िया, पवन बजाज और प्रदीप पुजारी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 3 फरवरी को सुबह 8:15 बजे होगी। नया बस स्टैंड स्थित श्री अमरी सती मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 1100 महिला भक्त कलश और सैकड़ों भक्त निशान लेकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए श्री श्याम मंदिर पहुंचेंगे। इसी दिन रात्रि में स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

4 फरवरी को गोपालकृष्ण तिवाड़ी एंड पार्टी द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा, जिसमें भगवान श्री बालाजी का महिमागान किया जाएगा। इसके बाद 5 फरवरी को चूरू की मेहुल शर्मा एंड पार्टी द्वारा रात्रि 7:15 बजे से श्री श्याम संकीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा।

6 फरवरी को सूरजगढ़ के विजेंद्र भार्गव एंड पार्टी द्वारा विराट भजन संध्या में प्रस्तुतियां दी जाएंगी। समारोह का समापन 7 फरवरी को नगर भ्रमण, दोपहर में विग्रह स्वरूप स्थापना, महाआरती और भंडारे के साथ होगा। इसी दिन रात्रि में परितोष मिनी धनबाद के नेतृत्व में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

 

इस आयोजन में कोलकाता, मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, जयपुर, सूरत, बेंगलुरु, अहमदाबाद सहित अन्य महानगरों से बड़ी संख्या में प्रवासी बंधु और श्यामभक्त भाग लेंगे।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *