11 सितंबर 2025
सीकर में अगले 5 दिनों तक साफ रहेगा मौसम:तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा; लोग गर्मी से परेशान
सीकर में पिछले चार दिनों से बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी है, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक सीकर में मौसम साफ रहने की संभावना है, जिसके चलते तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर में आज सुबह न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले, बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बुधवार को सीकर में ज्यादातर समय मौसम साफ रहा था।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सीकर में अब कुछ दिनों के लिए मानसून पर ब्रेक लग चुका है। यहां बारिश होने की संभावना बहुत कम है। लगातार मौसम साफ रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, प्रदेश में पूर्वी हवा के कमजोर होने और पश्चिमी हवा के सक्रिय होने से मौसम शुष्क रहेगा। इसलिए, सीकर में ज्यादातर समय मौसम साफ रहने के साथ ही तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
जाट बोर्डिंग हाउस संस्थान को सहयोग राशि दी
सीकर | पूर्व मंत्री चौ. नारायणसिंह ने जाट बोर्डिंग हाउस संस्थान को 50 हजार रुपए सहयोग राशि भेंट की। यहां निर्माणाधीन 6 मंजिला प्रोजेक्ट त्रिलोक सिंह रिसर्च एंड डवलपमेंट इंस्टीट्यूट भवन के निर्माण कार्यों में सहयोग के लिए जिले के अनेक समाज बंधुओं तथा ग्रामीण जनों द्वारा आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है।
अवैध गांजा व शराब बरामद, एक गिरफ्तार
सीकर | सीकर कोतवाली पुलिस ने 306 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अवैध शराब बरामद की है। लेकिन, शराब बेचने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। शहर कोतवाल सुनील जांगिड़ ने बताया कि 306 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर आरोपी अजय सांसी निवासी कालबेलिया बस्ती वार्ड 19 को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के पास से गांजा बिक्री के 2800 रु. बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने जब सालासर रोड स्थित एक जगह पर दबिश दी तो वहां एक आरोपी अवैध शराब बेच रहा था। हालांकि आरोपी तो मौके से फरार हो गया। लेकिन, मौके से पुलिस ने शराब की 112 बोतल व 140 देशी व अंग्रेजी शराब जब्त किए हैं। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
परीक्षा देने आई छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
सीकर | शहर के एक निजी कॉलेज में परीक्षा देने के लिए आई छात्रा के साथ दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शहर कोतवाल सुनील जांगिड़ ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में आरोपी अजय सैनी निवासी राधाकिशनपुरा को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के खिलाफ छात्रा के पिता ने रिपोर्ट दी थी कि जब उसकी बेटी कॉलेज में परीक्षा देने गई थी। तब उसे परीक्षा के दौरान बायोमैट्रिक की ड्यूटी में लगे दो कर्मचारी बहला-फुसला कर उसे कहीं ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस दुष्कर्म में शामिल दूसरे आरोपी के बारे में अजय सैनी से जानकारी जुटा रही है। ताकि उसको भी गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
चूरू में पशुओं को बचाने के प्रयास में पलटा ट्रक:लुधियाना से तमिलनाडु जा रहे दो लोग घायल, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
चूरू में एनएच 52 पर हड़ियाल के पास बुधवार को एक ट्रक पलट गया। हादसा तब हुआ जब सड़क पर अचानक बेसहारा पशु आ गए। तमिलनाडु के नामाकल निवासी पानासामी और अरुमुगम ट्रक से लुधियाना से तमिलनाडु की ओर जा रहे थे। पशुओं को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
आसपास के लोगों ने घायलों को ट्रक से बाहर निकाला। निजी वाहन से उन्हें डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया। दोनों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। उनका इलाज जारी है।
अस्पताल चौकी पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम लग गया था। ट्रक हटने के बाद यातायात सामान्य हो गया।
भागवत कथा कल से, कलश यात्रा निकलेगी
चूरू | शहर के कुदाल भवन में 12 सितंबर से भागवत कथा शुरू होगी। कथा से पहले इसी दिन सुबह 9 बजे गढ़ स्थित गोपालजी मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें महिलाएं कलश लेकर मंदिर से कुदाल भवन तक आएंगी। आयोजन समिति के संयोजक प्रकाश कुदाल ने बताया कि लाडनूं के संत मुरारी लाल दाधीच प्रतिदिन कथा वाचन करेंगे। 18 सितंबर को पूर्णाहुति की जाएगी। कथा का समय दिन में 2 बजे से शाम 6 तक रहेगा।
सुजानगढ़ में नशा तस्करों को 20 साल की सजा:7 साल पहले 262 किलो डोडा पोस्त के साथ पकड़े गए थे दो आरोपी

एनडीपीएस के सात साल पुराने एक मामले में सुजानगढ़ एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज महेंद्र प्रताप भाटी ने बुधवार को आरोपी शाहनवाज और शौकत अली को बीस-बीस साल के कारावास और दो-दो लाख रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई।
नवंबर 2018 में पकड़े गए थे आरोपी
एडवोकेट श्याम सुंदर खंडेलवाल ने बताया कि 14 नवंबर 2018 को मेगा हाइवे पर छापर तिराहे के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक ट्रक को रुकवा कर उसकी तलाशी ली थी। इस दौरान लहसुन के कट्टों के नीचे 13 प्लास्टिक के कट्टों में 262 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ था।
मामले में ट्रक चालक शाहनवाज और शौकत अली जो पंजाब के रहने वाले हैं, उन्हें गिरफ्तार किया गया था। एडवोकेट खंडेलवाल ने बताया कि 7 साल तक कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान 12 गवाहों के बयान करवाए गए और 33 दस्तावेज सबूत के तौर पर पेश किए गए थे।
झुंझुनूं मंडल की डाक अदालत 19 सितंबर को
झुंझुनूं | भारतीय डाक विभाग की झुंझुनूं मंडल की डाक अदालत 19 सितंबर को होगी। डाक अधीक्षक ने बताया कि कार्यालय में सुबह 11 बजे होने वाली अदालत में उपभोक्ताओं की शिकायतों व समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इसमें डाक व रेल डाक सेवा, विदेशी डाक वस्तु, पार्सल व बीमाकृत वस्तु, डाक जीवन बीमा, बचत बैंक, मूल्यदेय वस्तु, मनीऑर्डर, मंडल के डाक कर्मचारियों के पेंशन सम्बन्धी मामलों को सुना जाएगा।
बीडीके अस्पताल में निशुल्क बेबी किट वितरण

झुंझुनूं | प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा दिवस के शुभ अवसर पर महावीर इंटरनेशनल झुंझुनूं की और से डूंगरमल मंडेलिया की याद में भाई लक्ष्मण सिंह जांगिड़ के आर्थिक सौजन्य से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका शेखसरिया के सानिध्य में बीडीके अस्पताल के जनाना विंग में नवजात शिशुओं को संक्रमित रोगों से बचाने के लिए 32 मेडिकेटेड बेबी किट का निशुल्क वितरण किया गया। अध्यक्ष सत्यदेव दड़िया ने बताया गत 5 वर्षों से लगातार हर महीने की 9 तारीख को बेबी किट का वितरण किया जा रहा है। कार्यक्रम में डॉ. अंजना माथुर, सचिव पुष्कर दत्त जांगिड़, गोविंद कुमावत, राजेंद्र सिंह भाटी, नर्स सुलोचना आदि मौजूद थे।
बिजली निगम: तकनीशियन भर्ती के लिए आवेदन शुरू
झुंझुनूं | प्रदेश की सरकारी बिजली निगमों में तकनीशियन-तृतीय, ऑपरेटर-तृतीय व प्लांट अटेंडेंट के 2163 पदों के लिए बुधवार से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई। आवेदन 25 सितंबर तक होंगे। अब इस प्रक्रिया के द्वितीय चरण में पूर्व में आवेदन नहीं करने वाले सभी अभ्यर्थियों को आवेदन करने का अवसर दिया जा रहा है। विद्युत निगमों के सुदृढ़ीकरण के लिए तकनीशियन -तृतीय के पूर्व में जारी पदों में 1947 पदों की बढ़ोतरी की गई है। भर्ती को लेकर अभ्यर्थी हेल्पलाइन डेस्क 9414056655 पर जानकारी ले सकते हैं।
भीलवाड़ा से सप्लाई करने आए दो युवकों से 2 किलो अफीम पकड़ी

झुंझुनूं : भीलवाड़ा से तस्करी कर सप्लाई करने आ रहे दो युवकों से एजीटीएफ व कोतवाली पुलिस ने 2 किलो 146 ग्राम अफीम जब्त की है। जब्त अफीम की कीमत 11 लाख रुपए आंकी गई है। एसपी बृजेश उपाध्याय ने बताया कि एजीटीएफ के कांस्टेबज राजवीर को मुखबिर से इतला मिली थी कि दो युवक अफीम सप्लाई करने जा रहे हैं।
इस पर कोतवाल हरजिंद्र सिंह के नेतृत्व में कोतवाली व एजीटीएफ टीम ने अग्रसेन सर्किल के पास खड़े नाटास निवासी संदीप कुमार (25) व ब्यावर निवासी भैरू गुर्जर (20) की तलाशी ली। संदीप कुमार के पास 1 किलो 176 ग्राम तथा भैरू गुर्जर के पास 970 ग्राम अफीम मिली।
पुलिस ने अफीम को जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीलवाड़ा से अफीम लेकर सप्लाई करने आ रहे थे। आरोपी संदीप कुमार के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी व मारपीट के मामले दर्ज हैं। आरोपी अफीम तस्करी का धंधा करते हैं। तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद बुधवार को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
-
फतेहपुर में गोचर भूमि प्रकरण गरमाया, पिंजरापोल कमेटी ने ADG (विजिलेंस) को सौंपा ज्ञापन -
एडीजी ने रामगढ़ शेखावाटी पुलिस थाना व फतेहपुर डीएसपी ऑफिस का निरीक्षण किया, संगठित अपराध, महिलाओं व बच्चों के विरूद्ध क्राइम पर विशेष निगरानी रखी जाए: एडीजी -
खाटूश्यामजी में श्रृंगार और संध्या आरती का समय बदला:आज से नए टाइम के अनुसार होगी, हर साल करीब एक करोड़ भक्त आते हैं दर्शन करने -
24 मार्च दोपहर 1 बजे जारी होगा राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट -
रामगढ़ शेखावाटी पुलिस की लगातार तीसरे दिन कड़ी कार्रवाई, दो पावर बाइक जब्त

Leave a Reply