श्री रामरिखदास पोद्दार विद्यालय में भव्य दादा-दादी दिवस व शिक्षक दिवस समारोह

श्री रामरिखदास पोद्दार विद्यालय में भव्य दादा-दादी दिवस व शिक्षक दिवस समारोह

फतेहपुर शेखावाटी , 6 सितंबर । श्री रामरिखदास पोद्दार उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्या डॉ. शिल्पी सिंह के सानिध्य में दादा-दादी दिवस का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य हमारे दादा-दादी, नाना-नानी के अमूल्य योगदान का सम्मान करना और पीढ़ीगत संबंधों को मजबूत करना था।

दीप प्रज्ज्वलन से हुई शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय सचिव श्रीमान रामावतार जी जैन ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं ने मधुर समूह संगीत प्रस्तुत कर दादा-दादी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और इंटरैक्टिव खेल

छात्र-छात्राओं ने कहानी वाचन, कविता वाचन और स्किट जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगाए।
मुख्य आकर्षण रहे इंटरैक्टिव खेल, जिनमें दादा-दादी और पोते-पोतियों ने मिलकर भाग लिया। ‘बॉल ऑन द पेपर’ और ‘बैलेंस टीम वर्क’ जैसे खेलों ने आनंद और उत्साह का माहौल बना दिया।

दादा-दादी का सम्मान

विद्यालय परिवार की ओर से आए हुए अतिथियों व दादा-दादी को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने अपनी भावनाओं को व्यक्त कर पीढ़ियों के बीच प्रेम, सम्मान और समझ की मिसाल पेश की।

प्राचार्या का संबोधन

विद्यालय प्राचार्या डॉ. शिल्पी सिंह ने कहा कि “परिवार के निर्माण और परंपराओं को बनाए रखने में दादा-दादी की भूमिका सर्वोपरि है। इनके अनुभव और स्नेह से ही आने वाली पीढ़ियां संस्कारवान बनती हैं।”

शिक्षक दिवस का आयोजन

इसी अवसर पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जयंती के उपलक्ष्य में शिक्षक दिवस भी मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शिक्षकों के अमूल्य योगदान का सम्मान कर विद्यालय प्रांगण भावनाओं से सराबोर हो गया।

अभिभावकों ने की सराहना

समारोह के समापन पर अभिभावकों ने विद्यालय की इस अनूठी पहल की प्रशंसा की और छात्र-छात्राओं व शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *