सीकर: राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) की ओर से संघ के जिला प्रवक्ता व शिक्षक नोलाराम को एपीओ करने के विरोध में जिला शिक्षा अधिकारी ऑफिस का घेराव किया गया। शिक्षकों ने नारेबाजी करते हुए आदेश को रद्द करने की मांग की। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन होगा।
राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) के जिलाध्यक्ष विनोद पूनियां ने कहा- शिक्षक नोलाराम को एपीओ करने की कार्रवाई तब हुई, जब उन्होंने प्रिंट मीडिया के माध्यम से स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों की कमी का मुद्दा उठाया। नोलाराम ने बच्चों के हित में यह कदम उठाया, जो शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है।
शिक्षक संघ ने कहा- नोलाराम ने स्कूल समय के बाद बच्चों के लिए स्पोकन इंग्लिश और कंप्यूटर कक्षाएं संचालित की हैं। नोलाराम जैसे शिक्षक, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नवाचार कर रहे हैं। पुस्तकों की मांग करना अपराध नहीं, बल्कि विभाग का सहयोग है।
शिक्षक संघ ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि नोलाराम के एपीओ आदेश को तुरंत रद्द किया जाए। उन्होंने कहा- शिक्षा सत्र शुरू हुए दो माह बीत चुके हैं, लेकिन स्कूलों में अभी तक पाठ्यपुस्तकें नहीं पहुंचीं। नोलाराम ने बच्चों के हित में यह मुद्दा उठाया। फिर भी विभाग बदले की भावना से काम कर रहा है।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि आदेश रद्द नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान डीईओ कार्यालय के बाहर शिक्षकों ने ‘नोलाराम के एपीओ आदेश वापस लो’, शिक्षा विभाग जागो’ जैसे नारे लगाए। शिक्षकों का कहना है कि विभाग की इस कार्रवाई से शिक्षक समुदाय में रोष है और यह शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाला कदम है।
वहीं, इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (प्राइमरी) सुरेंद्र सिंह शेखावत का कहना है कि एक अखबार में सीकर जिले में पाठ्यपुस्तकें वितरित नहीं करने को लेकर खबर छपी थी। यह खबर शिक्षक नोलाराम के हवाले से थी। विभाग द्वारा इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक नोलाराम को एपीओ किया गया है। जांच पूरी होने के बाद एपीओ आदेश रद्द करने का निवेदन विभाग से किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा- इस बार नए पाठ्यक्रम की वजह से कक्षा 1 से 5वीं तक के बच्चों की पाठ्यपुस्तकें नई छप रही हैं जिसके कारण पाठ्यपुस्तकें सरकारी विद्यालयों में देरी से पहुंच रही हैं और समय लग रहा है। जैसे-जैसे पाठ्यपुस्तकें छप रही हैं, वैसे-वैसे उन्हें स्कूलों में सप्लाई किया जा रहा है।
खबरें और भी हैं…
- 🐄 गो-सम्मान आह्वान अभियान महायात्रा का भव्य स्वागत, गोसंरक्षण के लिए संकल्प
- विश्व होम्योपैथी दिवस एवं डॉ. हैनिमन जयन्ती मनाई, होम्योपैथिक चिकित्सा है बिना साइड इफैक्ट के स्थाई इलाज की पद्धति
- चूरू में तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बारिश:पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम, तापमान में आई गिरावट
- धरने पर बैठे किसानों पर मधुमखियों का हमला:सरसों की फसल जलाने के विरोध में किसानों का चल रहा था विरोध प्रदर्शन
- विश्व होम्योपैथी दिवस एवं डॉ. हैनिमन जयन्ती 10 अप्रैल को
- फतेहपुर में गोचर भूमि प्रकरण गरमाया, पिंजरापोल कमेटी ने ADG (विजिलेंस) को सौंपा ज्ञापन

Leave a Reply