सिलीगुड़ी में “कविता की शक्ति” काव्य संध्या आयोजित

सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल पर पश्चिमबंग हिंदी अकादमी ने “कविता की शक्ति : सृजन से संवाद तक” शीर्षक से काव्य संध्या का आयोजन किया। यह कार्यक्रम सिलीगुड़ी के सूचना एवं संस्कृति अधिकारी अनिर्वान दाम के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अकादमी के सदस्य दिलीप दूगड़ ने कहा कि यह काव्य संध्या नई प्रतिभाओं को पहचानने और सृजनात्मकता को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण कदम है। डॉ. अजय कुमार साव ने कविता के शिल्प और रचनाशीलता पर जोर दिया, जबकि डॉ. ओमप्रकाश पांडेय ने कविता के विकास को प्रोत्साहन देने की बात कही। स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिता में 79 प्रतिभागियों ने भाग लिया। वर्ग ‘क’ में समृद्धि (नारायणा स्कूल), यश जालान (डी.पी.एस. सिलीगुड़ी) और जाह्नवी डीडवानिया (हिंदी बालिका विद्यापीठ) को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार मिले।

वर्ग ‘ख’ में राज नंदिनी राय, पीहु महतो और अंशु कुमारी गुप्ता विजयी हुए। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार देवेन्द्र नाथ शुक्ल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिंह और डॉ. मुन्नालाल प्रसाद निर्णायक मंडली में शामिल थे। गीतकार बसंत कर्वा के गीत से शुरुआत हुई, और काव्य पाठ में कई प्रमुख कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत की। इस आयोजन में डॉ. मीरा कुमारी प्रसाद, आशा पासवान और अन्य साहित्य प्रेमियों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *