सीकर, 7 अक्टूबर । जिले की तहसील रामगढ़ शेखावाटी के तहसीलदार नन्दलाल ढिढ़ारिया का 6 अक्टूबर सोमवार को असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से राजस्व विभाग सहित प्रशासनिक जगत में शोक की लहर व्याप्त हो गई। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक ग्राम कोलासर, जिला चुरू में संपन्न हुआ, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने भाग लिया।
जिला कलेक्टर सीकर की ओर से अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने ग्राम कोलासर पहुंचकर दिवंगत तहसीलदार को श्रृद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जिला कलेक्टर की ओर से पुष्पचक्र अर्पित कर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
ढिंढ़ारिया की अंतिम यात्रा में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीकर, जिला कलेक्ट्रेट स्टाफ, तहसील एवं उपखंड कार्यालय रामगढ़ शेखावाटी का समस्त स्टाफ, रामगढ़ शेखावाटी क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ग्राम कोलासर के अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहें।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए 8 अक्टूबर 2025 को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर सीकर में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा 2 मिनट का मौन रखकर श्रृद्धांजलि अर्पित की जाएगी।






Leave a Reply