फतेहपुर में भगवान श्री लक्ष्मीनाथ जी महाराज के 495वें विराट महोत्सव के अवसर पर सोमवार को शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा सुबह 8 बजे कस्बे के गढ़ परिसर से शुरू हुई।
शोभायात्रा सब्जी मंडी, मुख्य बाजार, लक्ष्मीनाथ जी महाराज का मंदिर होते हुए कई मार्गों से गुजरी। यात्रा छोटा बाजार, नेवटीया स्कूल, ठलवा आश्रम, पुराने सिनेमा हॉल, बावड़ी गेट बस स्टैंड, आसाराम जी का मंदिर, सिटी सेंटर मार्केट और भेरूजी मंदिर से होकर दोपहर 1 बजे वापस गढ़ परिसर पहुंची।
शोभायात्रा में दिल्ली, केरल, पुणे, अयोध्या, उज्जैन और महाराष्ट्र की झांकियां शामिल रहीं। राधा कृष्ण, शिव तांडव, जगन्नाथ और राम दरबार की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं। यात्रा में ऊंट, घोड़े और हाथी भी शामिल थे। नाथ संप्रदाय के संतों के रथ और महा डीजे के साथ प्रसिद्ध बैंड ने भी शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई।
कस्बेवासियों ने जगह-जगह पलक पांवड़े बिछाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। सैकड़ों स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई। गर्मी को देखते हुए लगभग 100 से अधिक स्थानों पर भामाशाहों द्वारा ठंडे जल, जूस और फलों की नि:शुल्क व्यवस्था की गई। शोभायात्रा को देखने के लिए सड़क के दोनों तरफ हजारों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और पुरुष मौजूद रहे।










Leave a Reply