बिसाऊ के पास सुबह सवा 9 बजे हुई लूट की घटना, संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया
बिसाऊ: झुंझुनूं से सरसों बेचकर आ रहे एक युवक से बिसाऊ व महनसर के बीच में बाइक सवार 2 लुटेरे 14 लाख रुपए, एक मोबाइल व स्कूटी छीन कर ले गए। डीएसपी हरिसिंह घायल ने बताया कि लूट की सूचना मिलते ही नाकाबंदी करवा दी गई। तलाशी के दौरान झुंझुनूं रोड पर कुल्हरियों की ढाणी के पास मंडावा मोड़ पर पीड़ित की स्कूटी स्टार्ट हालत में मिल गई। स्कूटी की डिग्गी में मोबाइल भी मिल गया। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में पीड़ित रामगढ़ शेखावाटी निवासी मोहम्मद वाहिद पुत्र मोहम्मद उमर काजी ने थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि वह मंगलवार सुबह 8 बजे झुंझुनूं से अनाज के 15 लाख रुपए लेकर रोडवेज बस से रवाना हुआ था। बिसाऊ में सुबह 9 बजे पहुंच गया। यहां 1 लाख रुपए ई-मित्र वाले को दे दिए। बाकी 14 लाख रुपए स्कूटी की डिग्गी में रखे और स्कूटी लेकर बिसाऊ से रामगढ़ शेखावाटी की ओर जा रहा था। तब बिसाऊ-महनसर के बीच मीणा पेट्रोल पम्प के आगे सुबह करीब 9:25 बजे दो युवक बाइक लेकर पीछे-पीछे आ रहे थे। उन्होंने अचानक स्कूटी के आगे बाइक लगाकर रुकवाया। पिस्टल दिखाकर स्कूटी व रुपयों सहित मेरा मोबाइल लेकर बिसाऊ की तरफ भाग गए। मैने राह चलते बाइक वाले से मोबाइल लेकर घर पर सूचना की। लुटेरों की तलाश के लिए एएसआई इंद्राज सिंह के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की पहचान करने के लिए महनसर, बिसाऊ, झुंझुनूं, टाई, बिरमी व बिसाऊ बाइपास पर लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं। उधर पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में पीड़ित स्कूटी पर व लुटेरे बाइक पर महनसर से बिसाऊ की ओर आते दिखाई दे रहे हैं
विज्ञापन

Leave a Reply