सूरजगढ़ में दर्दनाक हादसा:ट्रेन के आगे कूदकर व्यक्ति ने की आत्महत्या, रामगढ़ में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दोनों टांगे कटी

सूरजगढ़ कस्बे में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। वार्ड नंबर 8 निवासी बाबूलाल पुत्र बालूराम खटीक ने भटिंडा से जयपुर जा रही ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सूरजगढ़ रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर पहले की है। जैसे ही आसपास के लोगों ने पटरी पर शव देखा, तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर सूरजगढ़ थानाधिकारी हेमराज मीणा मौके पर पहुंचे और तुरंत शव को कब्जे में लेकर सूरजगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ जारी है।

सब्जी बेचकर चलाता था घर, चार बेटियों का था पिता

मृतक बाबूलाल की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। वह सूरजगढ़ में ठेला लगाकर सब्जी बेचता था और उसी से परिवार का पेट पालता था। उसके परिवार में पत्नी और चार बेटियां हैं। पड़ोसियों के अनुसार बाबूलाल मेहनती और सरल स्वभाव का व्यक्ति था, लेकिन पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी के चलते वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। संभवतः इसी कारणवश उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक संगठन जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य और अन्य समाजसेवी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि बाबूलाल जैसे गरीब और मेहनतकश व्यक्ति की इस तरह की मौत बेहद पीड़ादायक है। थानाधिकारी बोले: मानसिक तनाव हो सकता है कारण सूरजगढ़ थानाधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि “प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मृतक के परिजनों से बातचीत की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने कहा कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन पारिवारिक और मानसिक तनाव के एंगल से जांच की जा रही है।

रामगढ़ शेखावाटी में मंडावा फाटक के पास युवक ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी दोनों टांगे कट कर अलग हो गई। युवक वार्ड 25 वाल्मिकी मोहल्ले का विमल पुत्र दिलीप वाल्मिकी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शाम करीबन तीन बजे चूरू से सीकर जाने वाली डेमू ट्रेन रामगढ़ स्टेशन से रवाना हुई, आउटर सिगनल मंडावा फाटक के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। ऐसा बताया जा रहा है कि युवक कान में ईयर फोन लगाकर पटरियों पर चल रहा था जिससे उसे तेज रफ्तार ट्रेन का पता नहीं चल पाया और ट्रेन की चपेट में आ गया। युवक के कटने की जानकारी मिलते ही ट्रेन को रोक दिया गया और 108 एम्बूलेंस को सूचना दी गई जिसके द्वारा उसे रामगढ़ के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीकर रैफर कर दिया। युवक का पिता दिलीप नगरपालिका में बिजली का काम करता है। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के अनेक व्यक्ति अस्पताल पहुंच गये।

One response to “सूरजगढ़ में दर्दनाक हादसा:ट्रेन के आगे कूदकर व्यक्ति ने की आत्महत्या, रामगढ़ में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दोनों टांगे कटी”

  1. Vinod panwar Avatar
    Vinod panwar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *