खाटूश्यामजी में दुकानदारों ने MP के श्रद्धालुओं को पीटा : बारिश से बचने दुकान में घुसा था परिवार; पीड़ित बोले-महिलाओं के मंगलसूत्र-सोने की चेन तोड़ी

खाटूश्याम मंदिर में दर्शन करने आए मध्यप्रदेश (MP) के श्रद्धालुओं से दुकानदारों ने बीच बाजार में जमकर मारपीट की। खाटूश्यामजी में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बारिश हो रही थी। बारिश से बचने के लिए श्रद्धालु एक दुकान में चले गए थे। इस पर दुकानदार ने उनको बाहर जाने के लिए कहा।

श्रद्धालुओं ने दुकानदार से थोड़ी देर वहीं पर रुकने देने की गुहार लगाई। इसी बात को लेकर दुकानदार ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया कि दुकानदारों ने लाठी और डंडों से पिटाई करना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि दुकानदारों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की। यहां तक की उनके मंगलसूत्र और सोने की चेन तक तोड़ दी। पुलिस ने मामले में 4 दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। 

पहले देखिए दुकानदारों-श्रद्धालुओं के बीच मारपीट की तस्वीरें… 

खाटूश्यामजी के दर्शन करने आए श्रद्धालु बारिश से बचने के लिए एक दुकान में चले गए थे। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दुकानदारों-श्रद्धालुओं के बीच मारपीट हो गई।
श्रद्धालुओं के परिवार की एक महिला ने डंडे से दुकानदार की पिटाई की।
दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हुई है। इसमें नजर आ रहा है कि महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।

बारिश से बचने के लिए दुकान में घुसे थे, धक्का-मुक्की भी की एसएचओ पवन चौबे ने बताया- सुबह करीब 10 बजे मध्यप्रदेश के उज्जैन से कुछ श्रद्धालु दर्शन करने के लिए खाटूश्यामजी आए हुए थे। इस दौरान खाटू में बारिश हो रही थी। श्रद्धालु बारिश से बचने के लिए श्याम कुंड जाने वाले रास्ते पर एक दुकान में रुक गए।

इस पर दुकानदार ने इन लोगों को बाहर जाने को कहा, लेकिन उन्होंने वहीं पर रुकने देने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दुकानदार ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया कि दुकानदारों ने लाठी और डंडों से पिटाई करना शुरू कर दिया।

एसएचओ ने बताया- मामले में 4 दुकानदारों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। अभी श्रद्धालुओं की ओर से दुकानदारों के खिलाफ कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मध्यप्रदेश से आए श्रद्धालु, जिनके साथ मारपीट की गई थी।

श्रद्धालु बोला- महिलाओं को डंडे मारे और मारपीट की
श्रद्धालु निखिल यादव ने बताया- हम अपने परिवार के साथ बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए मंदिर की तरफ जा रहे थे। खाटू में तेज बारिश हो रही थी। बारिश से बचने के लिए हम श्याम कुंड के पास दूसरे नंबर की दुकान में रुक गए।

इतने में दुकानदार चिल्लाने लगे कि आगे चले जाओ। इसके बाद महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। दुकानदारों ने महिलाओं को डंडे मारे और उनके साथ भी मारपीट की। साथ ही महिलाओं के मंगलसूत्र और सोने की चेन भी तोड़ दी।

लाठी-डंडों से मारपीट के कारण एक श्रद्धालु की पीठ पर निशान तक छप गए।

घटना का सीसीटीवी आया सामने, 4 लोगों को किया गिरफ्तार इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें साफ नजर आ रहा है कि दुकानदारों-श्रद्धालुओं की बीच जमकर मारपीट हुई। दुकानदारों का कहना था कि कि श्रद्धालुओं ने दुकान में बिना अनुमति घुसकर हंगामा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *