जयपुर एसीबी की टीम ने 7 जुलाई को होमगार्ड के कमांडेंट नवनीत जोशी (47) और कंपनी कमांडर चंद्रपाल सिंह (58) को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। नवनीत जोशी के खिलाफ कई बार होमगार्ड के जवानों ने भ्रष्टाचार और बंधी की शिकायत मुख्यालय तक की थी। लेकिन विभाग की ओर से कोई एक्शन नहीं लिया गया। होमगार्ड जवान को वर्दी की ड्यूटी देने के लिए आरोपी 1 हजार रुपए से 2 हजार रुपए तक की बंधी हर माह लिया करते थे।
होमगार्ड जवानों ने बताया- महीने की सैलरी 26950 रुपए मिलती हैं। अगर उन्हें वर्दी की ड्यूटी मिलती है तो 3 हजार रुपए महीने का अधिक मिलता है। आरोपी वर्दी की ड्यूटी देने के लिए एक माह के एक हजार रुपए से 2 हजार रुपए तक की बंधी लेते थे। बंधी नहीं देने पर होमगार्ड को वर्दी वाली ड्यूटी से हटाकर अफसरों के घर या सचिवालय में लगा दिया करते थे। इससे उन्हें महीने का 3 हजार रुपए का नुकसान हो जाता था।
आरोप है कि नवनीत जोशी अपने निजी कामों में होमगार्ड जवानों का उपयोग किया करता था। इसका उन्हें पैसा भी नहीं दिया जाता था। कंपनी कमांडर चंद्रपाल के जरिए सभी से पैसा लिया जाता था। पिछले कुछ माह से आरोपी नवनीत होमगार्ड को कार्यालय में बुलाकर खुद पैसा ले रहा था।
मानसिकता होमगार्ड वर्दी पहन कर करते हैं वसूली
कुछ जवानों ने बताया कि इन दोनों की मानसिकता यह थी की होमगार्ड जवान रात्री गश्त, नाकेबंदी, ट्रैफिक पुलिस के साथ ड्यूटी के दौरान अच्छा पैसा कमाते हैं। इसलिए उनसे पैसा लेना चाहिए। जो होमगार्ड पैसा नहीं लेता था, उसे भी मजबूर करते थे की वह पैसा कमाए और लेकर दे। नहीं तो खुद की सैलरी से पैसा दे।
इन परेशानी से होमगार्ड जवान कर रहा सुसाइड
राजस्थान होमगार्ड एसोसिएशन के अध्यक्ष झलकन सिंह ने बताया- ये हालात प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर देखने को मिल जाएगी। यही कारण है कि होमगार्ड का जवान सुसाइड कर रहा है। होमगार्ड के नवीनीकरण या ड्यूटी के लिए उससे पैसा लिया जाता। कई जिलों से इस संबंध में शिकायत मुख्यालय आती है, लेकिन इस पर एक्शन नहीं होने कारण परेशान जवान सुसाइड करते हैं।
प्रदेश में होमगार्ड जवान के सुसाइड के कई मामले सामने आए हैं। एसीबी को जयपुर के बाद अन्य जिलों में भी जाकर कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, मैं जवानों को भी कहना चाहता हूं की वह भी इसी प्रकार से एसीबी को शिकायत देकर ऐसे अधिकारियों के खिलाफ एक्शन कराए।
आज होंगे कमांडर और कंपनी कमांडर कोर्ट में पेश
आज एसीबी रिश्वतखोर कमांडर नवनीत जोशी और कंपनी कमांडर चंद्रपाल को कोर्ट में पेश करेगी। एसीबी कोर्ट से जांच के लिए रिमांड मांगने की सम्भावना है। जानकारी के अनुसार कुछ और लोग भी इन के खिलाफ शिकायत लेकर एसीबी मुख्यालय पहुंचे हैं।

Leave a Reply