11 सरकारी डॉक्टर ने खोले खुद के हॉस्पिटल, जांच शुरू:नागौर के सरकारी हॉस्पिटल के डॉक्टर्स के खिलाफ मिली थी शिकायत

राजस्थान में सरकारी डॉक्टर की नौकरी करते हुए खुद का प्राइवेट हॉस्पिटल चलाने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के गृह जिला नागौर के 11 डॉक्टर्स के खिलाफ जब शिकायत मिली तो स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी के खिलाफ जांच शुरू करवा दी।
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग को पिछले दिनों एक शिकायत मिली थी। इसमें नागौर जिले के पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय जिला हॉस्पिटल में काम करने वाले 11 डॉक्टर नागौर जिले में ही खुद का हॉस्पिटल चलाने के बारे में बताया गया। इस शिकायत के बाद स्वास्थ्य निदेशालय के निदेशक ने एक आदेश जारी करते हुए 4 लोगों की एक कमेटी बनाकर इसकी पूरी जांच करके देने के निर्देश दिए है।

इन डॉक्टर्स के खिलाफ मिली शिकायत

डॉक्टर जे.पी. टॉक (जे.पी. ईएनटी हॉस्पिटल), डॉ. महेन्द्र भाम्भू (एस.एन. किड्स हॉस्पिटल), डॉ. शैलेन्द्र लामरोर (मदर केयर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल), डॉ. सुरेश जाखड़ (जाखड़ ईएनटी हॉस्पिटल), डॉ. आर.एस. सांखला (यश मैटरनिटी हॉस्पिटल ), डॉ. अशोक झाडवाल (झाडवाल क्लिनिक), डॉ. विकास चौधरी (संजीवनी हॉस्पिटल), डॉ. विजय चौधरी (संजीवनी हॉस्पिटल), डॉ. राशी चौधरी (संजीवनी हॉस्पिटल), डॉ. सरिता चौधरी (संजीवनी हॉस्पिटल) और डॉ. महिपाल सिंह (महिपाल सर्जिकल सेंटर)।

इन लोगों की बनाई कमेटी

इन डॉक्टरों की शिकायत के लिए स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से ज्वाइंट डायरेक्टर अजमेर की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई है। इसमें सीएमएचओ नागौर, पीएमओ पं. जवाहर लाल नेहरू राजकीय जिला हॉस्पिटल नागौर और संयुक्त निदेशक ऑफिसर में कार्यरत लेखाधिकारी को सदस्य बनाया है। 

ये है नियम

नियमानुसार अगर कोई डॉक्टर सरकारी हॉस्पिटल में नियमित काम करता है तो उसे नियमानुसार केवल खुद की क्लिनिक पर प्रेक्टिस करने का अधिकार है। ये तब है जब वह सरकार से नॉन प्रेक्टिसिंग अलाउंस (एनपीए) नहीं ले रहा हो। लेकिन सरकारी हॉस्पिटल में डॉक्टर के पद पर काम करते हुए खुद का प्राइवेट हॉस्पिटल संचालित करने या दूसरे किसी निजी हॉस्पिटल में जाकर काम करने की अनुमति नहीं होती है।

जयपुर में भी कई सरकारी डॉक्टर्स के हॉस्पिटल संचालित

राजधानी जयपुर में ही कई नामी सरकारी डॉक्टर्स के खुद के हॉस्पिटल संचालित है। इसमें एसएमएस मेडिकल कॉलेज में सीटीवीएस डिपार्टमेंट, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी के एक-एक सीनियर डॉक्टर्स, सर्जरी डिपार्टमेंट के डॉक्टर के एक सीनियर डॉक्टर के अलावा आरयूएचएस के सर्जरी डिपार्टमेंट के एक सीनियर डॉक्टर का भी हॉस्पिटल जयपुर शहर में संचालित है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *