फतेहपुर में ट्रैक्टर-ट्रेलर में भिड़ंत, किसान की मौत : एक गंभीर रूप से घायल, सीकर रेफर; डीजल भरवाने पेट्रोल पंप जा रहे थे

फतेहपुर में ट्रैक्टर-ट्रेलर में भिड़ंत, किसान की मौत : एक गंभीर रूप से घायल, सीकर रेफर; डीजल भरवाने पेट्रोल पंप जा रहे थे

फतेहपुर में ट्रैक्टर और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसा फतेहपुर सालासर हाईवे पर मरडाटू स्टैंड के पास गुरुवार दोपहर एक बजे हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार रोरू निवासी समुंदर सिंह (45) पुत्र मानसिंह किसान था। बारिश के बाद खेतों में जुताई के ट्रैक्टर में डीजल भरवाने के लिए हाईवे स्थित पेट्रोल पंप पर जा रहा था। इस दौरान मरडाटू स्टैंड के पास ट्रैक्टर और ट्रेलर में भिड़ंत हो गई।

हादसे में समुंदर सिंह की मौत हो गई, जबकि सुल्तान सिंह (54) पुत्र सवाई सिंह और जितेंद्र सिंह (30) पुत्र सुल्तान सिंह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को राजकीय धानुका उप जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल सुल्तान सिंह को जिला अस्पताल सीकर रेफर किया गया। जितेंद्र सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक समुंदर सिंह किसान था। उसके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़े बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटा और दो बेटियां अविवाहित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *