सीकर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के मौके पर 2 दिवसीय धार्मिक आयोजन हुए। आज भगवान परशुराम जन्मोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सर्वसमाज के लोगों ने हिस्सा लिया। भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। तेज धूप और गर्मी के बावजूद शोभायात्रा में जोश नजर आया।
आयोजन समिति के अनुसार, रविवार सुबह 9 बजे सीकर के परशुराम पार्क से शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ। ढोल-नगाड़ों की थाप और सजे-धजे रथों के साथ रवाना हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा परशुराम पार्क से शुरू होकर कल्याण धाम, घंटाघर, सूरजपोल गेट, जाट बाजार और तापड़िया बगीची होते हुए निकली।
फूलों की बारिश कर यात्रा का स्वागत किया
रास्ते में विभिन्न व्यापारिक संगठनों और शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर और शीतल पेय पिलाकर यात्रा का स्वागत किया। बजाज रोड स्थित दधीमथि माताजी मंदिर पहुंचकर शोभायात्रा संपन्न हुई।
भगवान परशुराम जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर शनिवार शाम को परशुराम पार्क में दीपोत्सव और महाआरती हुई। महाआरती में शहर के कोने-कोने से बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग जुटे। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने मिलकर दीप प्रज्ज्वलित किए। दीप प्रज्ज्वलन के बाद भगवान परशुराम की संगीतमय महाआरती की गई। शोभायात्रा और दीपोत्सव कार्यक्रम में महंत चंद्रमा दास महाराज, महंत विष्णु प्रसाद और लड्डू गोपाल दास महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।





Leave a Reply