रामगढ़/चूरू। एनएच-52 पर रतननगर के पास शनिवार सुबह सालासर जा रहे पदयात्रियों के दल को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में भादरा निवासी नीतेश (23) पुत्र अमरसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवार सुरेन्द्र राजपूत को भी चोटें आई हैं। दोनों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गोगामेड़ी निवासी हरीसिंह के नेतृत्व में 10 सदस्यीय दल गुरुवार को भादरा से सालासर के लिए पैदल यात्रा पर निकला था। शनिवार सुबह दल जब रतननगर के पास पहुंचा, तभी पीछे से आई एक बाइक ने पदयात्री नीतेश को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से नीतेश सड़क पर गिर गया और उसके सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं। साथी पदयात्रियों ने उसे तुरंत निजी वाहन से रामगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने नीतेश को 108 एंबुलेंस से चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया।
डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया और सिर में चोट की गंभीरता को देखते हुए सीटी स्कैन करवाया गया। फिलहाल नीतेश की स्थिति नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।
वहीं, बाइक सवार सुरेन्द्र राजपूत, जो ढे़डी ढाणी (थाना रामगढ़) का निवासी है, को भी हादसे में चोटें आईं। उसे राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।



Leave a Reply