
दीपावली के त्योहार पर बाजार में खपाने के लिए लाए 3 करोड़ के नकली नोटों के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के 7 बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 कार और 2 लाख रुपए नकद भी बरामद किए हैं।
ये बदमाश नकली नोटों के ऊपर और नीचे कुछ असली नोट लगाकर गड्डियां तैयार करते थे। इसके बाद लोगों को कई गुना मुनाफे का लालच देकर नकली नोट थमा देते थे। गिरफ्तार सभी आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं।
चूरू में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे-52 पर आदित्य होटल के पास कार्रवाई कर इन बदमाशों को गिरफ्तार किया।
50 हजार के बदले थमा दी डमी गड्डियां कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया ने बताया- अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश चूरू के वार्ड 47 निवासी हरिराम की शिकायत के बाद हुआ। हरिराम ने रिपोर्ट में बताया कि वह दीपावली के लिए दोस्त से 50 हजार रुपए की गड्डी लाया था।
इस दौरान कुछ लोगों ने उसे 50 हजार के बदले 10 लाख रुपए देने का झांसा दिया। इसके बाद हाईवे पर ले जाकर आरोपियों ने उससे 50 हजार रुपए ले लिए और बदले में सफेद कागजों की डमी गड्डियां थमा दी। जब उसने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी।
सभी बदमाश हरियाणा के रहने वाले एसपी जय यादव ने बताया- मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आदित्य होटल के पास से अंतरराज्यीय ‘टटलू’ गैंग के 7 आरोपियों को दबोच लिया। इनमें राजवीर वाल्मीकि (55), संजय सुनार (38), संजय वाल्मीकि (34), अशोक वाल्मीकि (36), रोबिन सिंह वाल्मीकि (38), अनिल वाल्मीकि और अनिल (38) शामिल हैं। गिरोह के सभी सदस्य हरियाणा के फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल और जिंद जिले के रहने वाले हैं।
2 लाख नकद और 2 लग्जरी कारें बरामद एसपी ने बताया- आरोपियों के पास से ठगी के 50 हजार रुपए, करीब 2 लाख रुपए नकद, 3 करोड़ रुपए के नकली नोट, पैकिंग सामग्री और दो गाड़ियां बरामद की हैं। ये बदमाश कई गुना मुनाफे का लालच देकर लोगों के साथ ठगी करते थे। त्योहारी सीजन में 3 करोड़ रुपए के नकली नोट बाजार में खपाने की फिराक में थे।
Leave a Reply