फतेहपुर के वार्ड नंबर 48 में गोगामेड़ी के पास स्थित सीवरेज चैंबर से निकल रहे गंदे पानी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। बुधवार को स्थानीय निवासियों ने इस समस्या के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रशासन नहीं कर रहा कार्रवाई
वार्ड नंबर 50 के पार्षद धर्मेंद्र कुमार महिचा के अनुसार, चैंबर के निर्माण के बाद से ही ये समस्या बनी हुई है। उन्होंने नगर परिषद और सीवरेज विभाग दोनों को इसकी शिकायत की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सीवरेज विभाग के कर्मचारी चैंबर में मोटर लगाकर गंदे पानी को नाली में छोड़ रहे हैं। ये पानी बहकर मोहल्ले में बने डैम तक पहुंच रहा है। वहीं, कर्मचारियों ने मोटर के लिए बिजली के ट्रांसफार्मर से सीधे तार जोड़ रखा है, जो गैरकानूनी है।
स्थानीय निवासी आसिफ जोया ने बताया- नगर परिषद में शिकायत करने पर उन्हें मुकदमे की धमकी दी जाती है। वार्डवासी जगदीश महिचा, जिनका घर और दुकान चैंबर से मात्र 20 फुट की दूरी पर है, बदबू से परेशान हैं।
अधिकारियों को दी चेतावनी
मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वो चैंबरों को सीमेंट-बजरी से बंद कर देंगे। अधिकारियों की लापरवाही के विरोध में लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।



Leave a Reply