चूरू: राजमेस के अधीन प्रदेश के 7 मेडिकल कॉलेजों में 1267 नियमित पद समाप्त कर दिए गए हैं। इनमें चूरू के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल कॉलेज के 156 पद भी शामिल हैं। इस निर्णय के विरोध में मंगलवार को डीबी अस्पताल के नर्सिंग अधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर 2 घंटे का कार्य बहिष्कार किया और अस्पताल परिसर में बैठकर प्रदर्शन किया।
अब इन पदों पर राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग सिविल पोस्ट रूल्स के तहत नियुक्तियां की जाएंगी। नर्सिंगकर्मियों का कहना है कि नियमित पदों को खत्म करने के इस निर्णय से कॉलेज के लगभग 120 नर्सिंग अधिकारियों पर सीधा प्रभाव पड़ा है, जिससे कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
26 तक रोज 2 घंटे कार्य बहिष्कार नर्सिंग अधिकारी प्रदीप चौधरी ने बताया कि हाल ही में राजमेस द्वारा लिए गए इस निर्णय को वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने जानकारी दी कि 15 अप्रैल से 19 अप्रैल तक काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक विरोध किया गया था। अब 20 अप्रैल से 26 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान अस्पताल की इमरजेंसी, ऑपरेशन थिएटर और लेबर रूम जैसी आवश्यक सेवाएं पहले की तरह जारी रहीं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
इस मौके पर शहनवाज कुरैशी, मुकेश बावलिया, ताराचंद मेघवाल, रामगोपाल इशराण, संदीप धोलपुरिया, उर्मिला, संदीप भाकर, बबीता, प्रीति, सनी सिंह, चंद्रकला, रमेश, निरंजनलाल, ऊषा, संजू शर्मिला और पूजा सारण सहित कई नर्सिंगकर्मी मौजूद थे।



Leave a Reply