सीकर जिले की खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस ने आज डकैती के मामले में एक साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गोवटी गांव से गिरफ्तार किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि आरोपी बिना नंबर की बाइक पर अवैध हथियार के साथ घूम रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस पहुंची और गोवटी गांव से आरोपी को एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बिना नंबर की बाइक को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी पर कई थानों में विभिन्न धाराओं में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
खाटूश्यामजी सदर थानाधिकारी अमित नागोरा ने बताया कि खाटूश्यामजी सदर को मुखबिर से सूचना मिली कि जीणमाता रोड पर गोवटी गांव में एक युवक बिना नंबर की बाइक पर अवैध देसी कट्टा लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी बधाला की ढाणी तन पलसाना कमलेश जाट उर्फ कमल उर्फ कोडीया के पास एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने बिना नंबर की बाइक भी जब्त कर ली है।
खाटूश्यामजी डीएसपी राव आनंद ने बताया कि आदतन अपराधियों की धरपकड़ और अपराधियों के फॉलोवर्स को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आज गिरफ्तार हुए आरोपी कमलेश जाट पर रानोली, खाटूश्यामजी, रींगस और जयपुर के पुलिस थानों में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। अक्टूबर 2024 में रानोली में हुई डकैती के मामले में आरोपी 1 साल से फरार चल रहा है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।






Leave a Reply