रामगढ़ शेखावाटी पुलिस ने अपहरण और जानलेवा हमले के एक आरोपी को हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपहरण कर लाठी-सरियों से मारपीट कर उसके दोनों पैर तोड़ने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का कस्बे के मुख्य बाजार में जुलूस निकाला।
यह मामला भाकरवासी निवासी विनोद कुमार पुत्र महावीर प्रसाद जाट ने दर्ज कराया था। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 14 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे सदीनसर बस स्टैंड के पास सफेद इनोवा गाड़ी में आए चार लोगों ने उनका अपहरण कर लिया।
विनोद कुमार के अनुसार, दिनेश नबीपुरा, बाबू ताकलसर, पंकज रेवाड़ सदीनसर और पंकज रेवाड़ के चाचा के लड़के ने उन्हें गाड़ी में डालकर नबीपुरा गांव के चौक और फिर पावर हाउस नबीपुरा के पास ले जाकर लाठी-पाइपों से बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से दोनों पैरों पर वार कर तोड़ दिए, जिससे उनके बाएं हाथ और कमर पर भी गंभीर चोटें आईं।
मारपीट के दौरान एक अन्य गाड़ी आने पर आरोपी विनोद कुमार को मरा हुआ समझकर छोड़कर भाग गए। विनोद कुमार ने इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज कराया था, जिसमें चार आरोपियों का नाम था।
थानाधिकारी प्रकाशचंद्र ने बताया कि आसूचना अधिकारी संदीप कुमार से मिली जानकारी के आधार पर, पुलिस और डीएसटी सीकर की टीम ने लगातार छापेमारी की। टीम ने मुख्य आरोपी दिनेश कुमार पुत्र सुभाष निवासी नबीपुरा को हरियाणा के हिसार स्थित घर से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार का रामगढ़ शेखावाटी के मुख्य बाजार में जुलूस निकालकर कस्बेवासियों को यह संदेश दिया कि अपराधियों का खौफ खत्म हो रहा है और कानून व्यवस्था मजबूत की जा रही है।






Leave a Reply