झुंझुनूं: विप्र फाउंडेशन कि ओर से दीपावली स्नेह मिलन एवं समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर आरएएस सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के होनहारों को सम्मानित किया गया।
जिलाध्यक्ष कमल कांत शर्मा ने प्रोग्राम की अध्यक्षता की। समारोह में वक्ताओं ने समाज उत्थान के लिए शिक्षा के महत्व और प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन देने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रोग्राम की मुख्य अतिथि सीकर यूआईटी आयुक्त जे पी गौड़ ने अपने संबोधन में समाज उत्थान के लिए शिक्षा के विशेष महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ-साथ समाज के व्यक्तियों को भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए ताकि वे समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देकर उनके लक्ष्य तक पहुंच सकें।
पूर्व अतिरिक्त आयुक्त वाणिज्य कर अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिस्पर्धा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से ही समाज की प्रतिभाएं निखर कर सामने आती हैं। साथ ही, उन्होंने एक सही मार्गदर्शन को प्रतिभाओं को उनके जीवन लक्ष्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला बताया।
सामाजिक, शैक्षणिक मजबूती आवश्यक
विफा जिलाध्यक्ष कमल कांत शर्मा ने समाज को अग्रणी और सशक्त बनाने के लिए शैक्षणिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनैतिक रूप से मजबूती पर ज़ोर दिया। विफा संयोजक उमाशंकर महमिया ने अतिथियों व प्रतिभागियों का परिचय देते हुए समाज उत्थान में विद्यार्थियों व प्रतिभागियों के विशेष योगदान को सराहा, जो देश की उन्नति में भी सहायक बनता है।
विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के गौरवों को विप्र फाउंडेशन जिला झुंझुनूं जोन 1 द्वारा साफा, माला, दुपट्टा, गोल्ड मेडल पहनाकर व अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
- रंजन शर्मा (नृसिगपुरा): राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) में प्रदेश में चौथा स्थान
- गजानंद शर्मा (सूरजगढ़): 2021-22 में आरएएस बने (प्रदेश में 81वीं रैंक प्राप्त) वर्तमान में जैसलमेर कॉलोनाइजेशन में अतिरिक्त कमिशनर पद पर
- गौतम शर्मा (धींगड़िया): हाल ही में निकाय सेवा में ईओ
- कुमारी वंशिका शर्मा (चिड़ावा): गणित विषय में अप्रत्याशित चमत्कार कर 9 बार राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित (नारी सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए)
- कुमारी नित्या शर्मा (बगड़): क्रिकेट महिला वर्ग अंडर-19 में नेशनल टीम में जगह बनाने व कप्तान बनने पर
- कुनाल शर्मा (केहरपुराखुर्द): लेफ्टिनेंट नौसेना बनने पर
इनका भी हुआ सम्मान
इनके अलावा, समाज में सक्रियता निभाते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले वि फा कार्यकर्ताओं – चिरंजीलाल चौमाल, सांवरमल पारासर, अरुण कौशिक मलसीसर, सुभाष शर्मा चिड़ावा, शंकर लाल शर्मा डूडलोद, राकेश सहल, रमेश चौमाल, अमृत जोशी, आई ए विकास शर्मा, मनोज व्यास, चन्द्र प्रकाश शुक्ला, अमित पांडेय, झुंझुनूं को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित अतिथि पूर्व विधायक डॉ मूल सिंह शेखावत का अभिनंदन भी किया गया। मंच संचालन डॉ विद्या पुरोहित व शुभम शर्मा ने किया। धन्यवाद शिक्षाविद चंदू शर्मा हाँसलसर ने ज्ञापित किया।
इस मौके पर समाज के सक्रिय कार्यकर्ता नवलदत्त शर्मा के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में विप्र फाउंडेशन प्रदेश मंत्री विकास शर्मा डुमोली, वि फा जिला महामंत्री वशिष्ठ शर्मा, संगठन महामंत्री रामगोपाल महमिया, संरक्षक सुशील जोशी, सुभाष शर्मा चिड़ावा, उपाध्यक्ष पृथ्वीराज शर्मा, राकेश शर्मा बगड़, रामचंद पटोदा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भी सम्बोधित किया और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह में बड़ी संख्या में विप्र जन उपस्थित रहे।






Leave a Reply