सीकर में नवंबर 2024 को उद्योग नगर इलाके में कंस्ट्रक्शन ठेकेदार राजेश सैनी की मौत के मामले में उद्योग नगर पुलिस ने कोर्ट में कार्यरत महिला LDC को गिरफ्तार किया है। जिसे आज कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया। महिला आरोपी का मृतक के साथ एक साल से भी लंबे समय से अफेयर चल रहा था।
सीकर सीओ सिटी लाल सिंह यादव ने बताया कि नवंबर 2024 में रामवतार सैनी निवासी उदयलाल की ढाणी ने मुकदमा दर्ज करवाया कि उनके बेटे राजेश की जहर देकर मोनिका गढ़वाल ने हत्या कर दी। मामले की इन्वेस्टीगेशन के दौरान सामने आया कि राजेश की जहर देकर हत्या नहीं की गई। बल्कि इसको सुसाइड करने पर मजबूर किया गया। ऐसे में आज मामले में महिला आरोपी मोनिका गढ़वाल (32) को गिरफ्तार किया गया है। जिसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक राजेश सुसाइड के दिन अपने घर से सुबह निकला था। इसके बाद दोपहर के समय जब उसकी घरवालों से बात हुई तो उसने कहा था कि वह घर आ रहा है। लेकिन उसी दिन राजेश की पत्नी को मोनिका गढ़वाल ने कॉल करके कहा कि राजेश ने सेल्फॉस खा लिया है और सीकर के प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट है। मोनिका की सूचना पर जब घर वाले अस्पताल पहुंचे तो वहां मोनिका नहीं मिली। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि मोनिका राजेश को अपने साथ होटल में लेकर गई। जहां उसके साथ झगड़ा किया और फिर जहर दे दिया।
पुलिस ने जब मामले की इन्वेस्टीगेशन की तो सामने आया कि करीब 1 साल से मोनिका और राजेश का लव अफेयर चल रहा था। कंस्ट्रक्शन के सिलसिले में मोनिका की राजेश सैनी से मुलाकात हुई थी। मोनिका को सीकर में प्लॉट खरीदना था। यह बात उसने राजेश को बताई थी। राजेश ने उसे प्लॉट भी दिलवाया था। ऐसे में उनकी बातचीत बढ़ती गई और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
पुलिस ने जब मोनिका गढ़वाल और राजेश सैनी की कॉल डिटेल खंगाली तो दोनों के बीच एक साल में करीब 1 हजार से ज्यादा कॉल होना सामने आया। रात 10 बजे से सुबह 5 बजे के बीच भी दोनों की कई बार बात हुई। मोनिका खुद शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। जबकि मृतक राजेश सैनी के एक बच्चा है।

शादीशुदा होने के बावजूद दोनों का अफेयर चल रहा था। मोनिका चाहती थी कि राजेश अपनी पत्नी को छोड़ दें। इसलिए उसने राजेश पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और यह बात राजेश की पत्नी को भी बताई। इस बात से राजेश घबरा चुका था कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली जाएगी। उसे यह भी डर सताया कि मोनिका उस पर कोई केस दर्ज करवा देगी। ऐसे में परेशान होकर राजेश ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया।
उद्योग नगर SHO मनोज कुमार भाटीवाड़ और उनकी टीम ने आज कोर्ट जाते वक्त ही महिला आरोपी मोनिका गढ़वाल को रास्ते से पकड़कर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया।
महिला आरोपी मोनिका गढ़वाल की सीकर कोर्ट में ही पोस्टिंग है। उसे कोर्ट में नौकरी करते हुए करीब 8 साल हो चुके हैं। आज मोनिका को जब सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया तो उसकी गिरफ्तारी कोर्ट परिसर में भी चर्चा का विषय रही।
Leave a Reply