रामगढ़ शेखावाटी बाईपास क्षेत्र में ओवरब्रिज के पास निर्माणाधीन नाला धंस गया। इस घटना में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस गई हालांकि एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क के पानी की निकासी के लिए बन रहा यह नाला अभी कच्चे रूप में था और इसकी दीवारों को बिना सुदृढ़ीकरण के छोड़ दिया गया था। जैसे ही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजरी, मिट्टी धंस गई और नाले की एक साइड अचानक टूट गई। ट्रॉली का पिछला हिस्सा पूरी तरह नाले में धंस गया।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की धीमी गति और निम्न गुणवत्ता पर आरोप लगाते हुए कहा कि बारिश का समय नजदीक होने के बावजूद नाले को मजबूत बनाने पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि यदि निर्माण के दौरान ही नाला टूट रहा है, तो बारिश में इसकी क्या स्थिति होगी और क्या ऐसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य बिना गुणवत्ता जांच के किए जा रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन और विभाग की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि निरीक्षण के नाम पर केवल औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं, जबकि बाईपास पहले से ही अव्यवस्थित है। नाले के टूटने जैसी घटनाएं चोटिल होने और बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से तत्काल तकनीकी जांच कराने की मांग की है।





Leave a Reply