रामगढ़ शेखावाटी (सीकर)। ग्राम पंचायत पालास के नेठवा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को भामाशाह ओमप्रकाश तालणियां के आर्थिक सहयोग से निर्मित दस हजार लीटर क्षमता वाली पेयजल टंकी का लोकार्पण समारोहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि भामाशाह ओमप्रकाश तालणियां सहित मंचासीन अतिथियों का पुष्पमाला, साफा और स्मृति चिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया। ओमप्रकाश तालणियां ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इन मूलभूत क्षेत्रों में योगदान देना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं से वंचित न रहें। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार के साथ-साथ स्थानीय भामाशाहों और समाजसेवियों को भी आगे आकर शिक्षण संस्थानों के विकास में भागीदारी निभानी चाहिए।
संस्था प्रधान सतवीरसिंह झाझड़िया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए भामाशाह के सहयोग की सराहना की और कहा कि इस पेयजल टंकी के निर्माण से विद्यालय को लम्बे समय से चली आ रही पानी की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने भामाशाह तालणियां के प्रयास को प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर समाजसेवी विद्याधर भास्कर, शिक्षक प्रतिनिधि, पूर्व छात्र और पंचायत क्षेत्र के कई गणमान्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सामाजिक सेवा की प्रेरणा दी। अंत में आभार व्यक्त किया गया।






Leave a Reply