रामगढ़ थाना में सीएलजी समिति की बैठक:ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार व रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने पर जोर दिया

रामगढ़ थाना में सीएलजी समिति की बैठक:ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार व रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने पर जोर दिया

रामगढ़ शेखावाटी | 13 नवम्बर — स्थानीय पुलिस थाना परिसर में गुरुवार को सीएलजी (सिविल लाइजनिंग ग्रुप) समिति और शांति समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाधिकारी प्रकाश चंद्र ने की। इसमें कस्बे की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सर्दी के मौसम में रात्रिकालीन गश्त को सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने मुख्य बाजार क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि बाजार में रोजाना लगने वाले जाम से आमजन, स्कूली बच्चे और व्यापारियों को भारी परेशानी होती है।

सदस्यों ने सर्दी के मौसम को देखते हुए रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने, पुलिस चौकियों पर अतिरिक्त बल तैनात करने और मुख्य मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था सुधारने की मांग रखी।

थानाधिकारी प्रकाश चंद्र ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कस्बेवासियों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस के साथ समय-समय पर जानकारी साझा करने की अपील की।

बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पवन दाधीच, नगर कांग्रेस अध्यक्ष जावेद सैयद, नगर भाजपा अध्यक्ष संजय सैनी, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश जोशी, पवन सैनी, मकसूद भाटी सहित कई वरिष्ठ सदस्य, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *