29 थानेदार बदले; भाजपा के हारे हुए प्रत्याशियों की डिजायर पर लगाया

 सीकर: एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने रविवार को 29 थानाधिकारी बदल दिए। एसपी ने लक्ष्मणगढ़, फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी थानाधिकारियों के तबादले किए हैं। वहीं दांतारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में दांतारामगढ़ व खाटूश्यामजी कोतवाली थाने को छोड़कर 3 थानों के एसएचओ बदल दिए गए। इनमें से ज्यादातर तबादले भाजपा के हारे हुए प्रत्याशियों की रिकमंड पर हुए हैं। क्योंकि भाजपा प्रत्याशियों के कार्यकर्ताओं के नाम पर काम नहीं हो रहे थे। इसलिए वे थानेदारों को लगातार दबाव बनाए हुए थे।

भाजपा प्रत्याशी पसंदीदा थानेदार लगवाकर क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के काम कराना चाहे हैं। इसलिए एसपी ने रविवार को तबादला सूची जारी की। लक्ष्मणगढ़ विधानसभा में लक्ष्मणगढ़, नेछवा, बलारां थाने संचालित हैं। तीनों जगह नए सीआई लगाए हैं। इसी तरह फतेहपुर विधानसभा में फतेहपुर कोतवाली, फतेहपुर सदर और रामगढ़ सेठान में भी थानाधिकारी बदल दिए गए हैं। दांतारामगढ़ विधानसभा के खाटूश्यामजी सदर, रानोली और जीणमाता में थानाधिकारी नए लगाए गए हैं।

इनको यहां लगाया : पुलिस मुख्यालय से जारी की गई सूची के तहत संगीता मीणा को लोसल थानाधिकारी, गिरधारीलाल को जाजोद थानाधिकारी, मुकेश कुमार को साइबर थाने में लगाया गया है। अमर सिंह को थानाधिकारी धोद, रमेशचंद को थानाधिकारी पाटन, नेकीराम को थानाधिकारी थोई, मनोज कुमार को थानाधिकारी डाबला, विजय सिंह को थानाधिकारी अजीतगढ़, बुद्धिप्रकाश को थानाधिकारी दादिया, सुरेंद्र सिंह को संचित निरीक्षक पुलिस लाइन सीकर, विजेंद्र को थानाधिकारी नीमकाथाना कोतवाली, सरदारमल को प्रभारी जिला विशेष शाखा, विद्याधर सिंह को कोतवाली नीमकाथाना भेजा गया है। सुभाषचंद को थाना श्रीमाधोपुर, कैलाशचंद को पुलिस लाइन सीकर और राजवीर को थाना नीमकाथाना सदर लगाया गया है। रींगस थानाधिकारी सुरेश कुमार की जगह दिलीप सिंह को लगाया गया है।

जोड़-तोड़ में लगा रहे थे गणित अधिकारी : पुलिस निरीक्षक/ उप निरीक्षकों को संभावना थी कि रविवार को नए थानाधिकारियों की सूची जारी हो सकती है। इसलिए दिनभर से ही वे जोड़-तोड़ की गणित बैठाने का प्रयास कर रहे थे। सूची जारी होने के बाद देर रात तक एक दूसरे को बधाई देने का सिलसिला जारी रहा। इनमें कई थानाधिकारी तो सोमवार को और कुछ बुधवार को नए थाने में ज्वॉइन करेंगे।

ट्रेनिंग के बाद सीआई बने 15 को पोस्टिंग दी : ट्रेनिंग के बाद 15 सीआई बने पुलिस अधिकारियों को लाइन में लगाया गया था जिन्हें रविवार को जिले कि विभिन्न थानों में थानाधिकारी लगा दिया गया। पुलिस महकमें में इतने बड़े फेर-बदल की काफी चर्चा रही। सभी थानों में थानाधिकारी की नियुक्ति होने से कानून व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। लक्ष्मणगढ़ में पहले महेंद्र सिंह थानाधिकारी थे। अब उनको यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा के क्षेत्र श्रीमाधोपुर लगाया गया है और इनकी जगह राजाराम को सीआई लगाया गया है। नेछवा में पहले कृतिका सोनी थानाधिकारी थी। अब यहां अशोक कुमार को लगाया गया है। जबकि बलारां एसएचओ वीरेंद्र यादव को फिर से डीएसटी टीम का प्रभारी बना दिया गया है। उनकी जगह विक्रम सिंह को बलारां थानाधिकारी की जिम्मेदारी दी है।

 

फतेहपुर कोतवाली में सुरेंद्र देगड़ा की जगह महेंद्र को लगाया गया है। फतेहपुर सदर में हैड कांस्टेबल रामनिवास को चार्ज दे रखा था। अब नए सीआई के तौर पर सुरेंद्र सिंह को लगाया गया है। इधर, रामगढ़ सेठान में पवन कुमार की जगह प्रकाशचंद को मौका दिया गया है। रींगस में पहले सुरेश कुमार थानाधिकारी थे। अब दलीप सिंह को थानाधिकारी लगाया गया है। जीणमाता में दलीप सिंह की जगह राकेश कुमार मीणा को थानाधिकारी लगाया है। रानोली में राजेश कुमार की जगह रामलाल को लगाया गया है। राजेश कुमार को उद्योग नगर थानाधिकारी लगा दिया गया है। खाटू सदर में प्रकाशचंद की जगह अमित कुमार को थानाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *