रामगढ शेखावाटी: नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के संस्थापक हनुमान बेनीवाल ने भाजपा सरकार पर अपराध रोकने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता को सुरक्षा देने में नाकाम रही है। यह बात उन्होंने कस्बे के फतेहपुर रोड स्थित ग्रीन पॉइंट उद्यान के सामने हाईवे पर अपने सम्मान समारोह के दौरान कही।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने सांसद हनुमान बेनीवाल का स्वागत किया और उन्हें देसी मतीरा भेंट किया। कार्यकर्ताओं ने किसानों और मजदूरों की आवाज उठाने के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में सांसद बेनीवाल ने आगामी पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री हार के डर से हर विधानसभा क्षेत्र में जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जहां-जहां ये नेता जाएंगे, वहां भाजपा प्रत्याशियों को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ेगा।
कांग्रेस भाजपा में मिलीभगत का लगाया आरोप
बेनीवाल ने कांग्रेस और भाजपा के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाल ही में जारी की गई अधिकारियों की सूची में वे लोग शामिल हैं जिन्होंने पूर्व में अशोक गहलोत सरकार को बचाने में मदद की थी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इस बयान पर भी सवाल उठाया कि भजनलाल शर्मा उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में ‘सूट’ करते हैं, इसे दोनों पार्टियों की मिलीभगत का संकेत बताया।
सांसद ने एसआई भर्ती रद्द न करने के भाजपा के फैसले पर भी सवाल उठाए, जिसे पहले रद्द करने की बात कही गई थी। उन्होंने उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा पर भी तंज कसा।
बढ़ते अपराध ग्राफ पर चिंता व्यक्त करते हुए हनुमान बेनीवाल ने कहा कि आम आदमी को लगातार मिल रही धमकियां चिंता का विषय है। उन्होंने सभी से अपराध के खिलाफ मिलकर लड़ने का आह्वान किया और कहा कि अब सरकार को भी इस दिशा में कदम उठाने होंगे।





Leave a Reply