रामगढ़ शेखावाटी। दीपावली पर्व के बाद कस्बे में पारंपरिक रूप से अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और प्रसादी वितरण का कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कस्बे के नेहरू मोहल्ला स्थित भगवान राधा गोविन्द मंदिर, पोद्दारों के मोहल्ला स्थित पोद्दार बालाजी मंदिर, वार्ड नंबर 35 स्थित भगवान बद्रीनारायण मंदिर और मुख्य बाजार स्थित प्राचीन रघुनाथ मंदिर सहित कई मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
भक्तों ने भगवान की पूजा-अर्चना कर समृद्धि की कामना की। मंदिरों में गूंजते भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया। महाआरती के बाद अन्नकूट महोत्सव के तहत भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया, जिसके पश्चात भक्तों को पंगत प्रसादी के रूप में प्रसाद वितरित किया गया।
अन्नकूट महोत्सव में श्रद्धालुओं ने सेवा, भक्ति और सामूहिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। पूरे दिन मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ लगी रही और वातावरण “जय श्री कृष्ण”, “हरे राम हरे कृष्ण” के जयकारों से गूंजता रहा।





Leave a Reply