रामगढ़ शेखावाटी। कस्बे में निर्माणाधीन श्री श्याम मंदिर के लोकार्पण एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह का पोस्टर विमोचन शनिवार को धूमधाम से किया गया। यह आयोजन बिसाऊ दरवाजा के पास स्थित श्री श्याम मित्र मंडल ट्रस्ट के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजन समिति के मुरारीलाल मंडावरिया ने की। इस अवसर पर गाजियाबाद से पधारी श्रुति पोद्दार, संजय बजाज, नन्दकिशोर लूंड़िया, पुरुषोत्तमलाल काछवाल, सीताराम बागला, सुबोध लूंड़िया, विमल सर्राफ, प्रदीप शर्मा और प्रशांत जोशी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने पोस्टर का विमोचन किया।
आयोजन समिति के अनुसार, श्री श्याम मंदिर की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं लोकार्पण समारोह 7 फरवरी 2026 को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर देशभर से श्रद्धालुओं और भक्त मंडलियों के आने की संभावना जताई जा रही है।
पोस्टर विमोचन के दौरान अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि श्री श्याम मंदिर का निर्माण कार्य क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने ट्रस्ट के सदस्यों की निष्ठा और सेवा भावना की सराहना की और आने वाले आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्री श्याम मित्र मंडल ट्रस्ट के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। वातावरण जय श्री श्याम के जयघोषों से गूंज उठा और सभी ने आगामी आयोजन की सफलता के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।





Leave a Reply