सीकर, चूरू, झुंझुनू: खबरें फटाफट

फतेहपुर-रामगढ़ में बारिश से फसल नुकसान:पूर्व विधायक महरिया ने प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन, किसानों को जल्द मुआवजे के निर्देश

फतेहपुर-रामगढ़ क्षेत्र में अत्यधिक बारिश से किसानों की खरीफ फसलों को हुए नुकसान के मुद्दे पर रविवार को कार्रवाई हुई। सीकर जिले के प्रभारी मंत्री संजय शर्मा से पूर्व विधायक नंदकिशोर महरिया ने मुलाकात की।

महरिया ने प्रभारी मंत्री को बताया कि औसत से अधिक बारिश के कारण बाजरा, ग्वार, मूंग और मोठ की फसलें बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने किसानों को राहत दिलाने के लिए चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा, पारदर्शी गिरदावरी और फसल नुकसान का सर्वे, बीमा कंपनियों के भेदभाव पर कार्रवाई और जिला प्रशासन को आपदा राहत के लिए तत्पर रहने के निर्देश शामिल हैं।

प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन की बैठक में अधिकारियों को किसानों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों से अपनी फसल नुकसान का आकलन पारदर्शी तरीके से करवाने की अपील की। जिससे उन्हें उचित मुआवजा मिल सके।

चन्द्रग्रहण सुतक में भी खुला रहता है जीणमाता का मंदिर ग्रहण से पहले हुई संंध्या आरती

जीणमाता। चंद्र ग्रहण के कारण रविवार को जहां पूरे देश में दोपहर बाद सूतक कल होने से धार्मिक कार्य वर्जित रहे वही सीकर जिले का प्रख्यात शक्तिपीठ जीणधाम एक ऐसा मंदिर है जो सूतक में भी दर्शन के लिए खुला रहता है तथा यहां नियमित धार्मिक गतिविधियां चालू रहती है। चंद्र ग्रहण शुरू होने से ठीक पहले जीणमाता मंदिर में रोजाना की तरह संध्याकालीन आरती शुरू हुई जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि जीणमाता मंदिर ही देश का एकमात्र मंदिर है, जहां ग्रहण की नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव नहीं पड़ता है और यह मंदिर ग्रहण के दौरान भी दर्शन के लिए खुला रहता है तथा यहां ग्रहण के दौरान भी नियमित पूजा पाठ होते रहते हैं। हालांकि ग्रहण के दौरान यहां माता के भंडारे से लगाए जाने वाला मुख्य भोग अर्पित नहीं होता है। मुख्य भोग ग्रहण के शुद्ध होने के पश्चात ही अर्पित होता है क्योंकि ग्रहण के दौरान अनेक भक्त प्रसाद नहीं लेते हैं।

कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत:हादसे में 2 लोग घायल, खेत से लौट रहे थे घर

चूरू जिले के रतनगढ़ थाना इलाके के दाउदसर गांव में खेत से गांव लौटते समय कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में 2 लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. एमएम पुकार भी इमरजेंसी वार्ड पहुंचे। जहां उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

घायलों के परिजनों ने बताया कि दाउदसर निवासी पोकरराम (60), महावीर और कालूराम खेत से गांव लौट रहे थे। तभी रास्ते में सामने से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर घायल हो गए। तीनों को निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कालूराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि पोकरराम और महावीर की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना के बाद अस्पताल चौकी से आई पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई। वहीं मृतक के शव को अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया है। हादसे के बाद अस्पताल में घायलों के परिजनों की भीड़ लग गई।

 

नाबालिग लड़की से बाइक पर कराया था खतरनाक स्टंट:आरोपी पिता गिरफ्तार, बाइक जब्त; थानाधिकारी बोले- स्टंट करने वालों पर होगी कार्रवाई

सीकर जिले की जाजोद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपनी नाबालिग लड़की से बाइक पर खतरनाक स्टंट करवाकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले आरोपी पिता को गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपी के कब्जे से बाइक भी जब्त की गई है।

जाजोद थानाधिकारी गिरधारी लाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। वीडियो में नाबालिग लड़की द्वारा बाइक पर स्टंट करते हुए दिखाया गया था, जिसे आरोपी पिता ने रिकॉर्ड कर वायरल किया।

पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटवाने के साथ ही आरोपी मुकेश कुमार (29) निवासी वार्ड नंबर-8, घडोई जोहड़ी, उदयपुरा (जाजोद) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग और नाबालिगों को खतरनाक गतिविधियों में शामिल करने के मामलों पर पुलिस की नजर है। अगर कोई भी युवक या नाबालिग इस तरह का बाइक या अन्य वाहन के साथ स्टंट करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

चूरू में चलती बस से गिरा कॉलेज छात्र:सिर में आई गंभीर चोट, प्रतियोगी परीक्षा का फॉर्म भरने जा रहा था युवक

चूरू में कॉम्पटीशन एग्जाम का फॉर्म भरवाने जा रहा युवक चलती बस से गिर गया। जिससे युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। जिसको बस में बैठे लोगों ने साहवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया। डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मौजूद डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने उसका इलाज किया।

युवक के परिजनों ने बताया कि सरदारशहर तहसील के गांव मेहरासर उपाध्यान निवासी गोविंद (18) कॉलेज में पढ़ता है। जो रविवार शाम बस में बैठकर साहवा में कॉम्पटीशन एग्जाम का फॉर्म भरवाने जा रहा था। रविवार को टीचर भर्ती परीक्षा होने के कारण काफी ज्यादा भीड़ थी। युवक बस के गेट के पास खड़ा था। गांव से निकलते ही बस एक घुमाव पर घूम रही थी। तभी युवक चलती बस से नीचे गिर गया। जिसके सिर में गंभीर चोट आई।

बस में बैठे लोगों ने घायल युवक को उसी बस से साहवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक के सिर में चोट गंभीर होने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद तुरंत चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रात के समय ही डॉक्टरों की टीम ने आकर उसका इलाज किया। फिलहाल युवक की स्थिति सामान्य है। अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में उसका इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *