सीकर, चूरू, झुंझुनू:खबरें फटाफट

फतेहपुर में खेत के कुंड में डूबा बुजुर्ग, मौत:पानी निकालते समय पैर फिसला, परिजनों ने देखा तो शव तैरता मिला

फतेहपुर के बारी गांव में शनिवार शाम को एक दुखद घटना सामने आई। खेत में पानी के कुंड से पानी निकालते समय 58 वर्षीय नानूराम मेघवाल की पैर फिसलने से मौत हो गई।

नानूराम अपने घर के पीछे खेत में बने पानी के कुंड से पानी निकाल रहे थे। इस दौरान उनका पैर फिसल गया और वे कुंड में गिर गए। काफी समय तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने खेत में जाकर देखा। कुंड में उनकी लाश तैरती मिली।

परिजन शव को कुंड से निकालकर निजी वाहन से कस्बे के राजकीय धानुका उप जिला चिकित्सालय ले गए। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक नानूराम के कोई पुत्र नहीं था। उनकी एक विवाहित बेटी है। वे अपनी पत्नी के साथ अकेले रहते थे।

मेट्रो अस्पताल में निशुल्क शिविर कल

झुंझुनूं | मेट्रो अस्पताल एंड ट्रॉमा सेंटर पर सोमवार को निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। डॉ. पुष्पेंद्र बुडानिया ने बताया कि रामकरण मंडीवाल की 16वीं पुण्यतिथि पर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिविर लगाया जाएगा। डायरेक्टर राजेश मंडीवाल ने बताया कि शिविर में निशुल्क चेकअप करने के साथ सभी जांच और ऑपरेशन पर 20 प्रतिशत की डिस्काउंट रहेग। जबकि हड्डियों की जांच, ब्लड व शुगर, सिमर पीएसए, सांस संबंधी जांच निशुल्क की जाएगी।

घरेलू काम करने गई नाबालिग से रेप:15 साल की नाबालिग को मां ने ही भेजा था,मां सहित 2 लोगों पर नामजद मामला दर्ज

सीकर जिले में 15 साल की नाबालिग लड़की के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोपी के घर काम करने के लिए नाबालिग लड़की की मां ने उसे भेजा था। जहां आरोपी ने उसके साथ रेप किया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस को दी शिकायत में 15 साल की नाबालिग ने बताया कि उसकी मां ने उसे घरेलू काम करने के लिए किसी के घर पर भेजा था। जहां उस घर के मालिक ने 15 साल की नाबालिग के साथ रेप किया। पुलिस ने नाबालिग लड़की की मां और आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता दूसरे जिले की रहने वाली है। जिसके पिता ने वहां की पुलिस को बताया कि उनकी नाबालिग बेटी को उसकी मां ने ही कहीं पर भेज दिया। पुलिस ने नाबालिग लड़की की मां से जानकारी जुटाकर सबसे पहले नाबालिग लड़की को दस्तयाब किया। फिर नाबालिग लड़की ने बताया कि जहां पर उसे काम करने के लिए भेजा गया वहां मालिक के द्वारा उसके साथ रेप किया गया। ऐसे में जीरो नंबरी एफआईआर दर्ज करके सीकर के पुलिस थाने में ट्रांसफर की गई।

लक्ष्मणगढ़ हाईवे पर हादसों को रोकने की पहल:पुलिस ने पेट्रोलिंग टीम के साथ हाईवे किनारे झाड़ियां-होर्डिंग्स हटाए

बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए लक्ष्मणगढ़ पुलिस ने शनिवार को हाईवे पर विशेष अभियान चलाया। थाना अधिकारी महेंद्र सिंह साहू के नेतृत्व में नेशनल हाईवे पेट्रोलिंग टीम व पुलिस जाप्ते ने कार्रवाई करते हुए हाईवे किनारे की झाड़ियों व पेड़ों की लटकती टहनियों की छंटाई की। साथ ही जेसीबी व क्रेन की मदद से अवैध अतिक्रमण और सड़क किनारे लगे बोर्ड-होर्डिंग्स को भी हटाया गया।

गौरतलब है कि हाल ही में लक्ष्मणगढ़ हाईवे पर सड़क हादसों की संख्या बढ़ी है। इसी के मद्देनज़र पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की। थाना अधिकारी महेंद्र सिंह साहू ने बताया कि अभियान का उद्देश्य दृश्यता बढ़ाकर दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकानदारों व राहगीरों से समझाइश की और आमजन से अपील की कि वे हाईवे पर वाहन चलाते समय और सड़क पार करते समय विशेष सतर्कता बरतें।

इस मौके पर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह साहू, कॉन्स्टेबल राजकुमार मुवाल, नेशनल हाईवे पेट्रोलिंग टीम से महिपाल यादव सहित पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।

दिव्यांग बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित की

चूरू | मधुर स्पेशल शिक्षण संस्थान में दिव्यांग बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। ढाढ़र के पंकज गुर्जर ने बताया कि पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के जन्मदिन के उपलक्ष में बच्चों को शिक्षण सामग्री बांटी गई। इस अवसर पर अमर सिंह गुर्जर, अशोक मीणा, मुश्ताक पीथीसर, डॉ. राहुल गुर्जर, नरेश, प्रताप प्रजापत, राजू, रोहित आदि उपस्थित थे। संस्था निदेशक अंजू नेहरा ने आभार जताया।

फतेहपुर में पुरानी हवेली का हिस्सा ढहा:बारिश के दौरान हादसा, नेवटिया स्कूल के सामने की घटना

फतेहपुर में शनिवार की देर शाम को हुई बारिश के दौरान नेवटिया स्कूल के सामने स्थित एक पुरानी हवेली का हिस्सा गिर गया। स्थानीय निवासी प्रफुल्ल हरितवाल ने बताया कि इसी हवेली का एक हिस्सा पिछले साल भी बारिश के मौसम में गिरा था।

मोहल्ले के लोगों ने कई बार अधिकारियों को इस जर्जर हवेली के बारे में सूचित किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। मोहल्ले में दिनभर बच्चों के खेलने का स्थान होने के कारण यह स्थिति चिंताजनक है। संयोग से बारिश के समय हवेली का हिस्सा गिरा, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

बारिश के कारण शहर के एक दर्जन से अधिक निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। इससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। अत्यधिक बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।



झुंझुनूं में 150 बेड का आधुनिक सुविधाओं से युक्त आयुष आयुर्वेद अस्पताल का उद्घाटन

झुंझुनूं: शहर की वारिसपुरा रोड पर 150 बेड का आयुष हॉस्पिटल शुरू किया गया है। प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सलाउद्दीन चोपदार की स्मृति में उनके परिवार की ओर से शनिवार को डॉ. एसडी चोपदार आयुष हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन चंचलनाथ टीले के महंत ओमनाथ महाराज तथा कमरूद्दीन शाह दरगाह के गद्दीनसीन एजाज नबी के सानिध्य में किया गया।

इस मौके पर राजस्थान मदरसा बोर्ड चेयरमैन एमडी चोपदार ने कहा कि उनके पिता डॉ. सलाउद्दीन चोपदार का सपना था कि आयुर्वेद हर घर तक पहुंचे, ताकि बीमारी के वक्त ही नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन में भी सहयोग मिल सके। उन्होंने कहा कि 2028 तक चूरू रोड पर डॉ. सलाउद्दीन चोपदार की स्मृति में 300 बेड का अस्पताल शुरू किया जाएगा। आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक डॉ. जितेन्द्र स्वामी की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सलीम दीवान थे। इस मौके पर तीन दिवसीय निशुल्क मेडिकल कैंप भी शुरू किया गया।

पहले दिन विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. हिमांशु, डॉ. विवेक, डॉ. सपना, डॉ. स्वास्तिका, डॉ. अनीता, डॉ. सारांश, डॉ. कामरान ने रोगियों की जांच की। सभी जांचें फ्री की गई। दवा भी फ्री दी गई। शिविर के सहयोगी मनवर दीवान मनोज ने बताया कि शिविर सोमवार तक चलेगा।

समय सुबह 10 से शाम 5 बजे रखा गया है। डॉ. रवीन्द्र सिंह, सवाई सिंह मालावत, लिछि सलाउद्दीन चोपदार, साजिद दीवान, नरहड़ दरगाह के पूर्व सचिव उस्मान पठान मालीगांव, पार्षद मकबूल, कैलाशचंद्र जांगिड़, मान महेंद्रसिंह भाटी, जिला पर्यावरण सुधार समिति के सचिव राजेश अग्रवाल, मुस्लिम न्याय मंच के संयोजक इमरान बड़गुर्जर आदि मौजूद रहे।

जमील चौहान बने जिला कांग्रेस अग्रिम संगठन के प्रभारी

चूरू | जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंद्राज खीचड़ ने जिला कांग्रेस संगठन का विस्तार करते हुए जिला उपाध्यक्ष जमील चौहान को जिला कांग्रेस अग्रिम संगठन प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी में सक्रिय भागीदारी को देखते हुए चौहान को ये जिम्मेदारी पीसीसी उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया की अभिशंषा पर दी गई है।

लोहिया कॉलेज में प्रो. बुडानिया का सम्मान किया

चूरू | राजकीय लोहिया कॉलेज में शिक्षक दंपती अमरसिंह किशनावत व मनीषा चारण की तरफ से सम्मान आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शिक्षक दिवस पर प्रो. रविंद्र बुडानिया का सम्मान किया गया। किशनावत ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण व शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रो. बुडानिया का सम्मान किया गया। इस दौरान उम्मेद सिंह, भंवरलाल, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।

शिक्षक संघ राष्ट्रीय का सम्मेलन 26 को, 27 को जिला कार्यकारिणी के चुनाव होंगे

चूरू:राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय का जिला अधिवेशन एवं कार्यकारिणी के चुनाव 26-27 सितंबर को होंगे। ये निर्णय संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक में शुक्रवार शाम को लिया गया। बैठक स्थानीय केसरदेवी सोती आदर्श विद्या मंदिर में हुई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने की।

मीडिया प्रभारी विकास पारीक ने बताया कि जिलाध्यक्ष शर्मा ने बैठक से संबंधित बिंदुओं से अवगत करवाया। मुख्य मांगों सहित 26 सितंबर को जिला सम्मेलन व 27 सितंबर को होने जा रहे जिला कार्यकारिणी के निर्वाचन की जानकारी दी। इस दौरान एबी आरएसएम के जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में सहभागिता पर चर्चा की गई। प्रदेश उपाध्यक्ष राजवीर सिंह राठौड़ ने एबी आरएसएम के जयपुर में आयोजित अधिवेशन में जिले के सभी उपशाखाओं के कार्यकर्ताओं से सहभागिता करने का आह्वान किया।

संगठन की रीति-नीति पर चर्चा की।

रतनगढ़ उपशाखा अध्यक्ष निलेश इन्दौरिया ने स्थानांतरण से संबंधित मुद्दे को प्रमुखता से रखा। बैठक में संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता कृष्णकुमार सैनी, जिला मंत्री गोपाल जांगिड़, कोषाध्यक्ष बनवारीलाल जांगिड़, जिला संगठन मंत्री वासुदेव शर्मा, वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदीश जोशी,अतिरिक्त जिलामंत्री योगेश छिम्पा, प्रमोद श्योराण, बीरबल शर्मा, जयप्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे। कार्यकारिणी की बैठक लेते जिलाध्यक्ष।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *