राजस्थान में दो दिन रोडवेज-बस में फ्री यात्रा करेंगी महिलाएं : रक्षाबंधन पर 9 और 10 अगस्त को मिलेगी सुविधा; सीएम ने की थी घोषणा

रक्षाबंधन पर्व पर महिलाएं और लड़कियां दो दिन तक राजस्थान रोडवेज की बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा 9 और 10 अगस्त को लागू रहेगी।

राजस्थान की सीमा में चलने वाली सभी श्रेणियों की साधारण बसों में यह छूट लागू होगी। वातानुकूलित (एसी), वॉल्वो और ऑल इंडिया परमिट पर चलने वाली बस इस योजना में शामिल नहीं होंगी।

रोडवेज के प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया- हर साल की तरह इस बार भी रक्षाबंधन पर महिलाओं और बालिकाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा देने का प्रस्ताव भेजा गया है।

अनुमान है कि इस योजना से करीब 8.5 लाख महिलाएं और बालिकाएं लाभान्वित होंगी। इसका कुल वित्तीय भार लगभग 14 करोड़ रुपए रहने की संभावना है, जिसे सरकार की ओर से वहन किया जाएगा।

रोडवेज की नॉन-एसी बसों में लागू होगी योजना रोडवेज की ओर से साफ किया गया है कि महिलाओं को यात्रा के दौरान कोई किराया नहीं देना होगा। लेकिन उन्हें पहचान पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ रखने होंगे। यह योजना केवल राजस्थान की सीमा के भीतर लागू रहेगी।

‘मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधन-आंगनबाड़ी बहनों का सम्मान’ कार्यक्रम के दौरान सीएम ने रक्षाबंधन पर दो दिन फ्री यात्रा की घोषणा की थी।

सीएम भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को ‘मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधन-आंगनबाड़ी बहनों का सम्मान’ कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन पर प्रदेश में महिलाओं के लिए रोडवेज की बसों में दो दिन फ्री यात्रा की घोषणा की थी। जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा- सावन का महीना बहनों के मन में प्रेम और उल्लास लाता है। हर बहन का दिल करता है कि भाई के घर जाए, रक्षाबंधन मनाए। ऐसे में सरकार ने तय किया है कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश में रोडवेज की बसों में महिलाओं को दो दिन फ्री यात्रा की सुविधा दी जाएगी। (पूरी खबर पढ़ें)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *