चूरू के विकास के लिए 834 करोड़ का बजट: सीएम:संबल शिविर का अवलोकन किया, योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व चेक सौंपे

सीएम भजनलाल ने शिविर में योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व चेक सौंपे।

चूरू: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को चूरू के जोड़ी गांव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल शिविर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन कभी गरीबों से संवाद नहीं किया। भाजपा सरकार गरीबों को गणेश मानकर उनकी सेवा कर रही है।

मुख्यमंत्री ने यमुना जल समझौते पर कहा कि शेखावाटी के लोगों को यमुना के साथ सिंधु का पानी भी मिलेगा। उन्होंने चूरू की चंदन कलाकारी की प्रशंसा की। ताल छापर अभयारण्य के विकास का आश्वासन दिया। विकास कार्यों की घोषणा करते हुए सीएम ने बताया कि चूरू के लिए 834 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संबल पखवाड़ा शुरू किया गया है। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। सीएम ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। आगामी पांच वर्षों में चार लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी। 2027 तक किसानों को दिन में भी बिजली मिलेगी। खाद्य सुरक्षा योजना में 22 लाख लोगों ने स्वेच्छा से योजना छोड़ी, जबकि 50 लाख नए लोगों को जोड़ा गया। विधायक हरलाल सहारण की मांग पर जोड़ी गांव में नहर और सीएचसी की स्वीकृति दी गई। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने संबल पखवाड़े की जानकारी दी।

चूरू के जोड़ी गांव में आयोजित सीएम की जनसभा में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची।

पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि आजादी के बाद भजनलाल शर्मा पहले सीएम है जिन्होंने गांव की समस्याओं को देखा है। चूरू को मरुस्थलीय जिले का सम्मान मिला। राठौड़ ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत के अंर्त विरोध के बयान पर कहा कि उन्हें अपनी पुरानी फिल्म किस्सा कुर्सी का याद आ रही है। राठौड़ ने कहा कि सीएम शर्मा ने 16 नीतियां बनाकर एक पारदर्शी सरकार की नींव डाली है] जो प्रदेश में गरीबी उन्मूलन के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि 34 साल पहले भैरोसिंह शेखावत के किये समझौते को साकार करने का काम भजनलाल सरकार कर रही है।

विधायक हरलाल सहारण ने सीएम को विकास पुरुष बताते हुए नहर की मांग की। सभा को लोकसभा प्रत्याशी देवेन्द्र झाझड़िया, पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा, पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि, प्रदेश महामंत्री डाॅ. वासुदेव चावला, सुजानगढ़ प्रत्याशी संतोष मेघवाल, जिला प्रमुख वंदना आर्य, पूर्व विधायक खेमाराम मेघवाल, भाजपा नेता राकेश जांगिड़, प्रधान दीपचंद राहड़ व भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने भी संबोधित किया। संचालन मुकुल भाटी व अभिषेक चोटिया ने किया।

शिविर का अवलोकन कर लाभार्थियों को दिए प्रमाण पत्र

सीएम शर्मा ने आमसभा से पूर्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े अंतर्गत आयोजित शिविर का अवलोकन किया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व चेक वितरित किए। उन्होंने समारोह परिसर में पौधरोपण किया। रक्तदान शिविर का भी अवलोकन किया। सीएम ने अल्पसंख्यक बालक आवासीय स्कूल व मुख्यमंत्री पुर्नवास गृह का लोकार्पण किया तथा कृषि कॉलेज का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने छात्रावास के लिए बेशकीमती जमीन देने वाले भामाशाहों को भी सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *