चूरू: शहर में अग्रसेन नगर और पूनिया कॉलोनी रेलवे फाटक पर आरओबी बन रहे हैं। पूनिया कॉलोनी व अग्रसेन नगर चूरू शहर में प्रवेश करने और बाहर जाने के मुख्य रास्ते हैं। दोनों रास्तों पर आरओबी का काम एक साथ चल रहा है। इस कारण बड़े वाहनों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोनों रास्ते बाधित होने के बावजूद प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। इसका खामियाजा वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है।
जयपुर रोड आरओबी क्षतिग्रस्त होने के कारण इस पर बड़े वाहनों का आवागमन बंद किया हुआ है। अब दोनों मुख्य रास्ते बंद होने के कारण बड़े वाहन इस क्षतिग्रस्त पुल से गुजर रहे हैं। पहले शहर से आने-जाने का रास्ता जयपुर रोड आरओबी से था, लेकिन ये क्षतिग्रस्त होने के कारण नाकारा घोषित कर दिया गया और बड़े वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया। इसके बाद अग्रसेन नगर के रेलवे फाटक से रामसरा होते हुए वाहन निकलने लगे। अब अग्रसेन नगर से जाने वाला रास्ता भी आरओबी निर्माण कार्य के चलते बाधित हो गया है। हालांकि कुछ वाहन ओम कॉलोनी से होते हुए बिसाऊ रोड तक जा रहे हैं। इस रास्ते का भी बुरा हाल है। यहां पक्की सड़क तक नहीं है। इस रास्ते में कई जगह एक फीट से गहरे गड्ढे हैं।
ट्रैफिक प्रभारी जयप्रकाश का कहना है कि शहर से आने-जाने का दूसरा कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं है। फिलहाल अग्रसेन नगर से वाहनों को आवागमन जारी है, वहां काम आगे बढ़ने के बाद यदि आवागमन के लिए रास्ता नहीं रहता है तो ट्रैफिक को पूनिया कॉलोनी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। पूनिया कॉलोनी के पुल का काम पूरा होने वाला है, इसलिए पुल के नीचे से वाहनों का आवागमन शुरू करेंगे। जयपुर रोड का ट्रैफिक पूनिया कॉलोनी आरओबी के नीचे से निकल जाएगा। उन्होंने बताया कि जयपुर रोड आरओबी से बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। इसके लिए पुल के दोनों तरफ बड़े और भारी पत्थर रखवाए गए हैं। जयपुर रोड के क्षतिग्रस्त आरओबी से बड़े वाहन गुजरने के कारण हादसे की आशंका है। प्रशासन की ओर से अभी तक शहर से आने-जाने के वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था नहीं की गई है। इस कारण वर्तमान में जिन रास्तों से वाहन गुजर रहे हैं, बारिश में उन रास्तों पर पानी भर जाता है।
बारिश के मौसम में ओम कॉलोनी से भी रास्ता बाधित हो जाएगा। वहीं अग्रसेन नगर में भी पुल का काम चल है, कुछ दिनों बाद वहां से भी आवागमन बंद होने की संभावना है। पूनिया कॉलोनी आरओबी की सर्विस रोड सिर्फ 3.75 मीटर चौड़ी : पूनिया कॉलोनी आरओबी की सर्विस रोड सिर्फ 3.75 मीटर चौड़ी ही है। यदि अग्रसेन नगर में आरओबी का काम आगे बढ़ने पर वहां का ट्रैफिक पूनिया कॉलोनी आरओबी के नीचे से डायवर्ट किया तो समस्या और भी बढ़ जाएगी। पूनिया कॉलोनी के रास्ते पर पहले से ही काफी ट्रैफिक है। ट्रैफिक डायवर्ट किया तो निश्चित तौर पर जाम की समस्या बढ़ेगी।


Leave a Reply