सीकर में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक युवक का किडनैप कर लिया। दिनदहाड़े सड़क पर स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने युवक से मारपीट की, बाल खींचे, फिर उसे जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। इसके बाद उसे 10 किलोमीटर दूर किरडोली में छोड़कर फरार हो गए। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
घटना आज शाम करीब 6:30 बजे से 6:45 बजे के बीच कोतवाली थाने से मात्र 150 मीटर दूर हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने आपसी विवाद के चलते किडनैप करने की आशंका जताई है।
सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें काले रंग की स्कॉर्पियो पहले आगे जाती दिखाई दे रही है। इसके बाद बदमाश शाकिब को पीटते हुए लाते है, जिसके बाद वापसी के दौरान गाड़ी में डालकर ले जाते हैं।
हालांकि पुलिस के अनुसार सीकर से 10 किलोमीटर दूर बदमाश युवक को छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित युवक के शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले है।
आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज
इस संबंध में वार्ड नंबर 39 निवासी गजनफर अली ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसके साथ शाकिब, तौसीफ, फिरोज, हनीफ काम करके पुरानी कोतवाली रोड से घर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो, स्विफ्ट और तीन मोटरसाइकिल पर करीब 20 से 25 आदमी आए। जिन्होंने पहले तो मारपीट की। इसके बाद चिराग शेरवानी शोरूम की दुकान के सामने शाकिब को गाड़ी में उठाकर ले गए।
मारपीट और किडनैप करने वालों में यासीन, राहिल, साहिल सहित अन्य लोग है। जो पहले भी कई बार धमकियां दे चुके हैं। जिन्होंने कहा था कि या तो लक्ष्मणगढ़ थाने से रिपोर्ट हटाओ नहीं तो मोहल्ले के लोगों को उठाकर जान से मार देंगे।
डेढ़ साल से चला आ रहा विवाद
करीब डेढ़ साल पहले शाकिब और उसके दोस्त खाना खाने के लिए फतेहपुर रोड स्थित होटल हयात पर गए थे। यहां पार्किंग की बात को लेकर राहिल और उसके साथियों ने मारपीट की थी। इसके बाद शाकिब और उसके दोस्त घर पर आ गए। इस संबंध में कोतवाली थाने में मुकदमा भी दर्ज हुआ। इसके करीब एक महीने बाद मारपीट करने वाले राहिल,साहिल और उसके दोस्तों ने शाकिब को राजीनामा करने के लिए हयात होटल पर बुलाया। वहां दोबारा उनके साथ मारपीट की गई।
डेढ़ महीने पहले भी एक युवक पर हमला
आज से करीब डेढ़ महीने पहले शाकिब के मोहल्ले से चूरू के लिए बारात गई थी। रात को जब 9:30 बजे बारात वापस आई तब तो रसीदपुरा टोल प्लाजा के पास बस के आगे भी इन्हीं लड़कों ने कुछ गाड़ियां लगा दी। बस में औरतें बैठी हुई थी,चार से पांच पुरुष थे। जब बस में से हसन नाम का आदमी बाहर उतरकर गाड़ी वालों को पूछने लगा कि गाड़ी क्यों रोकी। तो ऐसे में हसन पर रॉड से हमला किया, फिर उसे कैंपर में डालकर ले गए। करीब 150 मीटर दूर रोड पर ले जाकर डाल दिया। इस संबंध में लक्ष्मणगढ़ पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया गया।
यह मुकदमा दर्ज करवाने के बाद से लगातार राहिल और उसके साथी धमकियां दे रहे थे। इसके बाद आज शाकिब का किडनैप किया गया। शाकिब और उसके दोस्त मजदूरी का काम करके वापस लौट रहे थे।
सीओ सुरेश शर्मा का कहना है कि शाकिब को बदमाश घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर किरडोली में छोड़कर फरार हो गए। आरोपियों की तलाश में टीम लगी हुई है।

Leave a Reply