चूरू में दोपहर को हुई झमाझम बारिश : निचले इलाकों में भरा पानी, किसानों के चेहरे खिले

चूरू में मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश शुरू हुई। यह बूंदाबांदी धीरे-धीरे झमाझम बारिश में बदल गई। बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली और मौसम खुशनुमा हो गया। अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। इनमें नया बस स्टैंड, नेचर पार्क के सामने, भरतिया अस्पताल के सामने, मेडिकल कॉलेज के सामने, सफेद घंटाघर, लोहिया कॉलेज के सामने और जोहरी सागर शामिल हैं। जलभराव से बाइक सवारों और पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के अनेक स्थानों पर और पश्चिमी राजस्थान के कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हुई। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा भी दर्ज की गई। इस बारिश से किसानों को राहत मिली है।

फतेहपुर में एक घंटे की तेज बारिश : मुख्य बस स्टैंड समेत कई इलाकों में 4 फीट तक पानी भरा, दुकानों में भरा पानी

फतेहपुर में मंगलवार दोपहर को एक घंटे की झमाझम बारिश ने शहर की तस्वीर बदल दी। शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मुख्य छतरिया बस स्टैंड पर 30 से अधिक दुकानों में पानी घुस गया। साईं बाजार, नवलगढ़ अंडरपास, मंडावा अंडरपास, पुराने सिनेमा हॉल, अंबेडकर नगर और मंडावा रोड सहित एक दर्जन स्थानों पर 4 फीट से अधिक पानी भर गया। मुख्य सड़कों पर पानी भरने से कई वाहन फंस गए। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। पिछले पांच दिनों में तापमान में 14.2 डिग्री की कमी दर्ज की गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह प्री-मानसून की बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे किसान अब खेतों में अनाज की बुवाई कर सकेंगे। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों को फसल बोने का अवसर भी मिल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *