सीकर में तेज बारिश,ढाई इंच से ज्यादा पानी बरसा : नवलगढ़ रोड पर 3 फीट जलभराव, 20 जून तक आंधी-बारिश का अलर्ट

बारिश के चलते सीकर के लोहारू बस स्टैंड पर 2 फीट तक जलभराव हो गया। ऐसे में यहां 2 दर्जन दुकानों में पानी घुस गया।

प्री-मानसून एक्टिविटी का असर सीकर में पूरी तरह से दिखना शुरू हो चुका है। सीकर में बीती रात ढाई इंच से ज्यादा बारिश हुई। पहले रात को 9 से 11 बजे के बीच कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इसके बाद रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। सुबह 4:30 बजे के करीब एक बार फिर आधे घंटे तक बारिश का दौर शुरू हुआ। वहीं आज दोपहर 12 बजे बाद एक बार फिर 2 घंटे तक तेज बारिश का दौर चला।

बीती रात से हो रही बारिश के चलते लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है,आज सीकर में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले यहां सोमवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री दर्ज किया गया था। सोमवार को सीकर में पूरे दिन बादल छाए रहे। जिसके चलते लोग उमस से परेशान हुए। लेकिन देर रात से बारिश होने के चलते लोगों को बड़ी राहत मिली।

मौसम एक्सपर्ट्स के अनुसार प्रदेशभर में प्री मानसून एक्टिविटी होने से आंधी और बारिश चल रही है। फिलहाल सीकर में इसका असर 20 जून तक देखने को मिलेगा। इस दौरान तापमान में गिरावट होने से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि बादलों की आवाजाही के चलते उमस भी रह सकती है।

जयपुर मौसम केंद्र के द्वारा सीकर में आज से 20 जून तक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है। इसके लिए 20 जून तक आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *