किडनैपर्स को चकमा देने के लिए पुलिस ने पहना ‘बुर्का’:हरियाणा में दबोचे 1.5 करोड़ के सौदागर, 48 घंटे में सुलझाया अपहरण कांड

किडनैपर्स को चकमा देने के लिए पुलिस ने पहना ‘बुर्का’:हरियाणा में दबोचे 1.5 करोड़ के सौदागर, 48 घंटे में सुलझाया अपहरण कांड

चूरू पुलिस ने रतननगर क्षेत्र से 55 वर्षीय व्यक्ति के अपहरण और 1.5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले का 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। एसपी निश्चय प्रसाद के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने हरियाणा में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और अपहृत रुक्मानंद को सकुशल बरामद कर लिया।

सब्जी की दुकान से लौटते वक्त हुआ अपहरण

पुलिस के अनुसार, रतननगर निवासी 55 वर्षीय रुक्मानंद का बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से तब अपहरण कर लिया था, जब वह सब्जी की दुकान से अपने घर लौट रहे थे। अपहरण के बाद, बदमाशों ने रुक्मानंद के परिजनों से 1.5 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की थी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसपी निश्चय प्रसाद ने तत्काल डीएसटी, कोतवाली थाना, रतननगर थाना पुलिस और साइबर टीम की एक संयुक्त टीम का गठन किया। इस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया।

48 घंटे की कड़ी मशक्कत: 150 कैमरों ने खोली बदमाशों की पोल

पुलिस टीम ने लगातार 48 घंटे तक बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान, 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को बदमाशों के हरियाणा की ओर भागने की सूचना मिली।

पुलिस ने अपहृत रुक्मानंद को सुरक्षित छुड़ाकर उनके परिजनों को राहत पहुंचाई।

बुर्का पहनकर की छापेमारी, हरियाणा में बिछाया जाल

पुलिस टीम ने बेहद सूझबूझ का परिचय देते हुए, बुर्का पहनकर आरोपियों तक पहुंच बनाई ताकि उन्हें भनक न लगे। इसके बाद, हरियाणा में घेराबंदी कर दो आरोपियों को धर दबोचा गया। पुलिस ने अपहृत रुक्मानंद को सुरक्षित छुड़ाकर उनके परिजनों को राहत पहुंचाई।

दो आरोपी सलाखों के पीछे, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में रामगढ़ निवासी मनोज व्यास और इंदौर, मध्य प्रदेश निवासी आशीष पांचाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इन जांबाज पुलिसकर्मियों की सूझबूझ से मिली बड़ी कामयाबी

इस सफल कार्रवाई में कोतवाली थाना एसआई किशनाराम विश्नोई की निर्णायक भूमिका रही, जो पहले सीबीआई में भी सेवाएं दे चुके हैं।

कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह, नवीन कुमार, विकास कुमार, साइबर एक्सपर्ट रमाकांत, रतननगर थानाधिकारी रामनिवास, एसपी ऑफिस सीआई संदीप बिश्नोई, डीएसटी प्रभारी जय प्रकाश और अन्य टीम सदस्यों ने भी लगातार 48 घंटे तक बिना रुके कार्रवाई कर सफलता दिलाई। इस उपलब्धि के लिए जिलेभर में पुलिस की सराहना हो रही है।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *