रामगढ़ शेखावाटी। हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच सुरक्षा इंतज़ामों की कमी एक बार फिर भारी पड़ती दिखाई दी। रामगढ़ बाईपास स्थित गौशाला रोड गेट के सामने निर्माणाधीन पुल के पास आज देर रात एक बड़ा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि ट्रक खाली होने से किसी प्रकार का जनहानि या गंभीर नुकसान नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे हिसार से नागौर की ओर जा रहा एक खाली ट्रक, वन-वे किए गए मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आए एक वाहन ने अचानक ट्रक की ओर कट मार दिया। टक्कर से बचने के प्रयास में चालक ने ट्रक को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन निर्माणाधीन पुल की ढीली मिट्टी में ट्रक धंस गया और पलट गया।
ट्रक चालक ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद हाईवे अथॉरिटी व पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर लौट गई, जबकि हाईवे अथॉरिटी द्वारा आधे घंटे में पहुंचने की बात कही गई, परंतु सुबह तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। चालक ने यह भी बताया कि उसके साथ चल रहे अन्य ट्रक वहीं रुके हुए हैं ताकि वाहन को निकालने में सहायता मिल सके।
दुर्घटना के कारण वन-वे मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और अन्य वाहनों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के बावजूद हाईवे पर न तो पर्याप्त संकेतक लगाए गए हैं और न ही अस्थायी स्पीड ब्रेकर या चेतावनी बोर्ड, जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं।
उल्लेखनीय है कि लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन संबंधित अथॉरिटी की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाएं हाईवे प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही हैं।



Leave a Reply