एक ही परिवार के तीन सदस्यों सड़क हादसे में मौत : मां के बारहवें की खरीदारी कर लौट रहे थे,धीरासर स्टेंड के पास हुआ हादसा, न्यौला गांव लौट रहे थे मामा-भांजा

एक ही परिवार के तीन सदस्यों सड़क हादसे में मौत : मां के बारहवें की खरीदारी कर लौट रहे थे,धीरासर स्टेंड के पास हुआ हादसा, न्यौला गांव लौट रहे थे मामा-भांजा

बिसाऊ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। दुर्घटना गांगियासर रोड पर धीरासर स्टैंड के पास उस समय हुई जब एक बाइक सीमेंट के खंबों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान न्योला निवासी विक्रमसिंह (32) पुत्र भीमसिंह राजपूत, पाटोदा निवासी विक्रमसिंह (40) पुत्र सांवरसिंह राजपूत और हरियाणा के फतेहाबाद निवासी सुरेंद्रसिंह (26) पुत्र लालसिंह राजपूत के रूप में हुई है। तीनों आपस में मामा-भांजे और रिश्तेदार थे।

वे बिसाऊ से न्योला गांव लौट रहे थे, जहां न्योला निवासी विक्रमसिंह की मां का दो दिन बाद बारहवां संस्कार होना था।

मोबाइल कॉल से हुई मृतकों की पहचान

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को शुरुआत में मृतकों की पहचान करने में परेशानी हुई, क्योंकि उनके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला था। बाद में उनके मोबाइल फोन पर आई कॉल के आधार पर उनकी पहचान संभव हो पाई और परिजनों को सूचना दी गई।

थानाधिकारी रामपाल मीणा और एएसआई इंद्राजसिंह ने तत्काल घायलों को जटिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मां के क्रियाकर्म की तैयारी कर रहा था मृतक, अब खुद नहीं रहा

जानकारी के अनुसार, न्योला निवासी विक्रमसिंह की मां का 10 दिन पहले ही निधन हुआ था। परिवार के बड़े बेटे के विदेश में होने के कारण विक्रम ही सभी धार्मिक रस्मों की जिम्मेदारी निभा रहा था। मां के बारहवें संस्कार की तैयारियों के लिए वह अपने भांजे सुरेंद्रसिंह के साथ बिसाऊ गया था।

वहां से लौटते समय पाटोदा निवासी उनके रिश्तेदार विक्रमसिंह भी उनके साथ हो गए थे। तीनों ने एक ही बाइक से वापस लौटने का फैसला किया, लेकिन यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।

पंच था पाटोदा निवासी मृतक विक्रम, गांव में पसरा मातम

हादसे में जान गंवाने वाले पाटोदा निवासी विक्रमसिंह गांव की पंचायत में पंच थे और सामाजिक रूप से सक्रिय माने जाते थे। वहीं, फतेहाबाद निवासी सुरेंद्रसिंह अपने मामा विक्रमसिंह के साथ क्रियाकर्म में सहयोग के लिए ही गांव आए हुए थे।

पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया तेज गति और सामने से आ रही ट्रॉली का संतुलन बिगड़ना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश कर रही है।