मामूली बारिश में चूरू शहर के 100+ स्थानों पर भर जाता है पानी, कई जगह 1 सप्ताह तक निकासी नहीं

मामूली बारिश में चूरू शहर के 100+ स्थानों पर भर जाता है पानी, कई जगह 1 सप्ताह तक निकासी नहीं

चूरू: जिला मुख्यालय पर 100 से अधिक स्थान ऐसे हैं जहां मामूली बारिश के बाद ही पानी भर जाता है। ये शहर में चिह्नित डूब क्षेत्र से अलग हैं। बड़ी बात ये है कि इन स्थानों पर भरे पानी की निकासी में आधा घंटे से एक सप्ताह तक का समय लग जाता है। हालांकि ज्यादातर जगह पानी भरने का कारण सड़क समतल नहीं होना है। ये मोहल्ले, कॉलोनी की गलियों और मुख्य सड़कों के ऐसे स्थान है, जहां मामूली बारिश से ही परेशानी हो जाती है।

इधर, नगर परिषद की तरफ से शहर के पांच स्थानों पर रिचार्ज वैल भी बनाए जा रहे हैं। इनमें से एक-दो का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन उन्हें अभी शुरू नहीं किया गया है। बाकी का काम चल रहा है। फिलहाल शहर के हालात ये है कि मामूली बारिश के बाद कई क्षेत्रों में लोगों को आवागमन करना भी मुश्किल हो जाता है। मेडिकल कॉलेज : थोड़ी सी बारिश से ही कॉलेज के मुख्य गेट के सामने सड़क पर करीब 50 मीटर तक पानी भर जाता है। लोगों को पानी मंे से ही होकर निकलना पड़ता है। मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स काफी परेशान होते हैं। कॉलेज के आगे कुछ महीनों पूर्व ही सीसी रोड बनाई गई थी, पर इतने से क्षेत्र में एक गढ्‌ढा सा बना हुआ है, जिसके कारण यहां पानी भरता है। पानी की तीन से चार दिन तक निकासी नहीं होती। नगर परिषद की तरफ से यहां रिचार्ज वैल बनाया गया है, लेकिन अभी इसे शुरू नहीं करवाया गया है। एडीआर केंद्र : केंद्र के सामने मुख्य सड़क पर थोड़ी दूरी में पानी भरता है। विभिन्न कोर्ट के जज निवास के सामने की साइड में पानी भरा रहता है।

यहां भरा पानी की भी चार-पांच दिन तक निकासी नहीं होती। कई बार नगर परिषद से गाड़ी भेजकर पानी की निकासी करवाई जाती है। यहां भी रिचार्ज वैल बनाया गया है, लेकिन अभी तक उसे शुरू नहीं किया गया है। आंबेडकर सर्किल (कलेक्ट्रेट सर्किल) : यहां कलेक्टर निवास वाली साइड में मोड़ पर मामूली बारिश होते ही पानी भर जाता है। यहां ओवरब्रिज का भी काम चल रहा है, तो समस्या और बढ़ जाती है। यहां भी पानी निकासी में एक-दो दिन लग जाते हैं। डीबी अस्पताल : मुख्य गेट की चारदीवारी के बाहर काफी दूरी तक पानी भरता है। मामूली बारिश होते ही एक साइड की सड़क पर पानी भर जाता है। बारिश रुकते ही सड़क का पानी चारदीवारी की तरफ ढलान होने के कारण वहां भरा रहता है। यहां के पानी की निकासी भी छह से सात दिन तक नहीं होती। यहां भी समस्या : लोहिया कॉलेज के सामने, चूरू बालिका महाविद्यालय से रामगढ़िया दरवाजा तक मुख्य रोड पर पानी भरता है। हालांकि यहां पर अब 15 से 20 मिनट बाद ही पानी की निकासी हो जाती है।

सुभाष चौक से घंटाघर की तरफ जाने वाली सड़क, बाबोसा मंदिर जाने वाली गली, एसडीएम निवास के पास व पास की गलियां, राजकीय नेत्र अस्पताल के सामने सहित कई स्थानों पर मामूली बारिश के बाद पानी भर जाता है। पूनिया कॉलोनी फाटक क्षेत्र में बढ़ रही परेशानी : पूनिया कॉलोनी रेलवे फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज के कारण परेशानी बढ़ी है। वहां जगह-जगह गढ्‌ढे खोदे गए हैं, वहीं कुछ क्षेत्र की सड़क भी तोड़ी गई है। आवागमन तो पहले से ही प्रभावित हो रहा था, अब बारिश होने पर पानी भरने के कारण भी लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। नगर परिषद के सामने भी इस क्षेत्र में पानी निकासी बड़ी चुनौती है।