
सीकर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले को काले झंडे दिखाने के मामले में NSUI जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश नागा को आज न्यायालय ने एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
उद्योग नगर पुलिस ने नागा को मुख्य वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। गौरतलब है कि 19 अप्रैल को मुख्यमंत्री के सीकर दौरे के दौरान जयपुर रोड पर नागा ने काफिले में घुसकर काले झंडे दिखाए थे।
इस घटना के बाद 23 अप्रैल को उन्होंने उद्योग नगर पुलिस थाने में आत्मसमर्पण कर दिया था। कोर्ट से बाहर निकलते समय नागा ने कहा, “भाजपा सरकार अंग्रेजों की तरह तानाशाही कर रही है। लोकतंत्र में विरोध करना हमारा अधिकार है। हमने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन प्रशासन ने हमें विभिन्न धाराओं में फंसा दिया।”
उन्होंने आगे कहा, “सीकर संभाग की बहाली के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। वर्तमान मुख्यमंत्री ने ही सीकर संभाग को समाप्त किया था। जब तक इसे बहाल नहीं किया जाएगा, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।”

Leave a Reply