
सीकर के प्रसिद्ध जीणमाता शक्तिपीठ के पुजारी पर महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। मामला सामने आते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुजारी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में लोगों ने थाने का घेराव कर निष्पक्ष जांच की मांग की। पुजारी ने साजिश बताते हुए कहा- छवि खराब करने का प्रयास है।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- मेरे ससुराल वालों ने पुजारी महेंद्र पाराशर से पैसे उधार ले रखे हैं। जब पुजारी घर आता तो उस पर गंदी नजर रखना शुरू कर दी थी। ससुराल वालों के सहयोग से पुजारी ने उसके साथ अश्लील हरकतें करना शुरू कर दी थी।

मामले को लेकर 3 बयान सामने आए
- बहू झगड़ालू, आए दिन करती है शिकायतें: महिला की सास ने बताया कि उसकी बहू ने किसी के बहकावे में आकर पुजारी महेंद्र पाराशर पर झूठा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि महेंद्र पाराशर जीणमाता के सम्मानित पुजारी है। पुजारी संघ और पाराशर समाज में महत्वपूर्ण पदों पर हैं। उनकी बहू आए दिन झगड़ा करती है और मिलने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराती है।
- सोशल मीडिया पर की बदनाम करने की कोशिश: जीणमाता थाना प्रभारी दलीप सिंह ने बताया कि महिला ने पुजारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई और सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने के लिए पोस्ट डाले। ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बाद आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- मेरी प्रतिष्ठा खराब करने की साजिश: पुजारी महेंद्र पाराशर ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह एक सामाजिक कार्यकर्ता है और यह मुकदमा उनकी सामाजिक-राजनीतिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि महिला ने फेसबुक पर उनकी तस्वीरें और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर बदनाम करने की कोशिश की है। दोनों परिवारों के बीच कोई पैसों का लेन-देन नहीं है।


Leave a Reply