सीकर में नानी-नाती को डीजे की गाड़ी ने कुचला, मौत : शादी समारोह में बर्तन साफ कर टैंट के नीचे सो रहे थे, ड्राइवर मौके से फरार

सीकर जिले के बलारां थाना क्षेत्र के पूनिया का बास गांव में रविवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। डीजे की गाड़ी ने टेंट के नीचे सो रही गुलाब बाई (45) और 2 साल के मासूम दोहिते निर्मल को कुचल दिया। घटना में दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

बलारां थाना एसएचओ नेकी राम ने बताया- रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पूनिया का बास गांव में एक शादी समारोह में डीजे गाड़ी से हादसा हुआ है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। शादी में करीब 150 कैटरिंग और बर्तन साफ करने वाले मजदूर काम कर रहे थे। गुलाब बाई, जो झालावाड़ के पहाड़पुर की निवासी थीं, बर्तन साफ करने का काम खत्म कर सोई हुई थी। उसके पास ही दोहिता निर्मल भी टेंट के नीचे सोया हुआ था। तभी डीजे गाड़ी घूमते समय उन पर चढ़ गई।

हादसे में मासूम निर्मल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुलाब बाई को गंभीर हालत में झुंझुनू के नवलगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल में रखा गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे ने शादी के उत्सव को मातम में बदल दिया। पुलिस ने डीजे चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *