सफाई कर्मचारी भर्ती की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन:वाल्मीकि समाज ने झाडू लेकर निकाला पैदल जुलूस, सौंपा ज्ञापन

सफाई कर्मचारी भर्ती की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन:वाल्मीकि समाज ने झाडू लेकर निकाला पैदल जुलूस, सौंपा ज्ञापन

चूरू में सफाई कर्मचारी भर्ती शीघ्र शुरू करने और सफाई कामगार समुदाय को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर सोमवार को वाल्मीकि समाज और सफाई कामगार समुदाय ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पंखा सर्किल से कलेक्ट्रेट तक पैदल जुलूस निकाला और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

मनोनीत पार्षद अशोक पंवार के नेतृत्व में निकाले गए इस जुलूस में बड़ी संख्या में महिला सफाईकर्मी हाथों में झाड़ू लेकर शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी की गई। अशोक पंवार स्वयं नंगे पैर मार्च में चले।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें लंबे समय से लंबित सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया को तत्काल शुरू करने की मांग की गई। साथ ही, कोर्ट में लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की बात कही गई।

ज्ञापन में वर्ष 2018 में नियुक्त सफाई कर्मचारियों को उनके मूल पदों पर कार्य कराने और वरिष्ठ सफाईकर्मियों को पेंशन सहित अन्य लंबित मांगों का भी समाधान करने की मांग उठाई गई।

अशोक पंवार ने बताया कि सफाई कार्य परंपरागत रूप से वाल्मीकि समाज करता आया है। इसलिए भर्ती में समाज के लोगों को प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत अवसर दिए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वाल्मीकि समाज वर्षों से स्वायत्त शासन विभाग में अपनी सेवाएं दे रहा है, लेकिन भर्ती के समय समाज की अनदेखी की जाती है।

 

पंवार ने यह भी आरोप लगाया कि कई नियुक्त कर्मचारी सफाई कार्य के बजाय कार्यालयों में कार्यरत हैं, जबकि समाज के लोग आज भी मैदान में सफाई व्यवस्था संभाल रहे हैं।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *